पुलिस का जनता करे सहयोग, बिजली, पानी, सडक़, शिक्षा व चिकित्सा के मुद्दो पर साधारण सभा में चर्चा
दैनिक सम्राट संवाददाता
जमावारामगढ़ (अंकिता शर्मा)। नशा माफिया के रेकेट व सप्लाई चैन को तोडने की जरूरत है। पुलिस ड्रग माफिया के विरूद्ध कार्यवाही करती है। लेकिन सप्लाई चैन नही टूटने से नशा युवाओ का भविष्य लील रहा है। शुक्रवार को पंचायत समिति की प्रधान रामफूल गुर्जर की अध्यक्षता में आयोजित पंचायत समिति की साधारण सभा की बैठक में यह मामला पंचायत समिति सदस्य अंकित शर्मा गठवाडी ने उठाया। उन्होने कहां कि नशा शहरों से गांवों में फैल रहा है तथा नशा का कारोबार फल फूल रहा है। पुलिस उपाधीक्षक रामकिशन विश्नोई ने कहां कि जनता को ड्रग्स माफिया का रेकेट व सप्लाई चैन तोडने में मददगार बनना पडेगा। पुलिस को आधी रात को भी इतला मिलेगी तो तत्काल कार्यवाही की जाएगी। पुलिस ने एंटी वेनम अभियान चला रही है। डीएसपी जवान बेटी बेटियों पर नजर रखने का आह्वान किया। सरपंच नायला प्रहलाद माली ने आए दिन होने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए बाईपास रोड बनवाने तथा अतिक्रमण हटवाने की पुरजोर मांग की। इस पर उपखंड अधिकारी ललित मीना ने सदन को बताया कि बाईपास के लिए प्रस्ताव जेडीए को भिजवाया है।
अतिक्रमण हटाने के लिए जेडीए को अवगत कराया है तथा यातायात पुलिस कर्मी की नियुक्ति के लिए पुलिस उपायुक्त यातायात जयपुर शहर से अनुरोध किया है। नायला में आए दिन जाम रहने से यातायात की भारी समस्या है। राजपुरवास ताला के प्रशासक शिशुपाल मीना ने काली पहाडी चारणवास में वन विभाग पर सिवायचक भूमि पर आम रास्ता खाई फेंसिंग बनाकर बंद करने पर नाराजगी जतायी। पंचायत समिति सदस्य मातादीन मीना ने राउप्रावि दंताला गुजरान के खेल मैदान पर पुरी तरह अतिक्रमण नही हटाने का मामला उठाते हुए बताया कि मिलीभगत से बिना पुरा अतिक्रमण हटे ही अतिक्रमण हटना मान लिया। सदस्य का आरोप है कि करीब साढे तीन बीघा जमीन पर अब भी अतिक्रमी की तारफेसिंग कर रखी है।इस पर उपखंड अधिकारी ने एसीबीइओ व तहसीलदार से प्रकरण की जांच करके रपट तलब की है। बिलोद सरपंच मुकेश कुमार मीना ने ताला चौकी को पुलिस थाने में क्रमोन्नत करने व ताला में जाम की स्थिति से निजात दिलाने की मांग की। बिलोद सरपंच ने रायसर में वन विभाग की ओर से युवाओ के विरूद्ध दर्ज मुकदमे वापस लेने का मामला भी जोरशोर से उठाया।
ग्राम पंचायत नटाटा प्रशासक राजेंद्र मीना ने राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नटाटा में स्थायी चिकित्सक लगाने तथा अस्थायी भवन की मरम्मत चिकित्सा विभाग से कराने की मांग की। ग्राम पंचायत रूपवास के प्रशासक ताराचंद मीना ने राप्रावि मूंडला व जोगियों के श्मशान को जमीन आवंटित करवाने का मामला उठाया।गठवाडी सरपंच ने क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत व नवीनीकरण करवाने पर जोर दिया। पीएचसी खरकड़ा के जर्जर भवन पर चर्चा में बीसीएमओ डॉ.एन.के कोठीवाला ने बताया कि प्रस्ताव विभाग को भेज दिया है। मंजूरी मिलने पर नया भवन बनवाया जाएगा। पंचायत समिति सदस्य पांचू राम रैगर ने पीएचसी के सामने बरसात में पानी की निकासी के लिए सडक पर पाइप नही लगाने का मामला उठाया।
पंचायत समिति सदस्य मातादीन मीना ने सदन को बताया कि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना कुपोषण मिटाने के लिए चालू की गयी है। लेकिन दूसरे बच्चे पर यह लाभ महिलाओ को यह लाभ नही दिया जा रहा है। इस पर सीडीपीओ अनसूया पारीक ने बताया कि दूसरी बार लाभ चिकित्सा विभाग के स्तर पर दिया जाता है। आमजन को इस बारे में जागरूक करने का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही सदन में कृषि विभाग, सामाजिक न्याय एंव अधिकारिता विभाग, पशुपालन विभाग व ग्रामीण विकास व पंचायती राज विभाग पर चर्चा की। विकास अधिकारी रमेश चंद मीना ने विगत बैठक की कार्यवाही के बारे में सदन को जानकारी दी। बैठक में पंचायत समिति सदस्य गुड्डी देवी शर्मा,जिला परिषद सदस्य विजय मीना,एक्सइन विधुत आरसी मीना, एइन पीडब्लूडी अमित शर्मा आदि जनप्रतिनिधि व अधिकारीग?ण मौजूद थे।
डीएसओ के आवेदन करने पर मिलेंगे व्यवसायिक सिलेंडर: प्रवर्तन निरीक्षक गौरा मीना ने सदन को बताया कि विवाह में दो व्यवसायिक सिलेंडर प्राप्त करने के लिए ग्रामीणों को विवाह का निमंत्रण के साथ डीएसओ जयपुर के यहां आवेदन करना होगा। डीएसओ के आदेश पर गैस एजेंसी संचालक आवेदक को दो व्यवसायिक सिलेंडर उपलब्ध कराएगा।
जमीन आवंटन के लिए सीधे आवेदन करे: उपखंड अधिकारी ने सदन में जानकारी दी कि जेडीए से जमीन आवंटन करवाने के लिए संबंधित विभाग सीधे आवेदन करके जमीन आवंटित करवा सकते है।
अवैध खनन की जानकारी मांगी है: विगत बैठक में साईवाड में अवैध खनन व ओवरलोड वाहनो की रोकथाम का मामला सामने आया था। इस पर राजस्व विभाग ने गोलमोल जवाब दिया है कि कौन से खसरा नम्बर में अवैध खनन हो रहा है इसकी जानकारी पटवारी से मांगी है। जबकि साईवाड, नटाटा व चावा की नांगल में अवैध खनन परवान पर है।
जमावारामगढ़- नशा माफिया की कमर तोडऩे की जरूरत, नशा युवाओं का भविष्य लील रहा है
जमावारामगढ़- नशा माफिया की कमर तोडऩे की जरूरत, नशा युवाओं का भविष्य लील रहा है