Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
11 अप्रैल 2026
Epaper

उप जिला अस्पताल निर्माण का रास्ता साफ, जेडीए ने 14,908 वर्गमीटर भूमि आवंटित की

उप जिला अस्पताल निर्माण का रास्ता साफ, जेडीए ने 14,908 वर्गमीटर भूमि आवंटित की
उप जिला अस्पताल निर्माण का रास्ता साफ, जेडीए ने 14,908 वर्गमीटर भूमि आवंटित की

उप जिला अस्पताल प्रभारी के नाम पट्टा जारी
दैनिक सम्राट संवाददाता
जमवारामगढ़ (अंकिता शर्मा)।
उप जिला अस्पताल जमवारामगढ़ के नए भवन निर्माण का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। लंबी प्रक्रिया और प्रयासों के बाद जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने अस्पताल के लिए कुल 14,908 वर्गमीटर भूमि आवंटित कर पट्टा जारी कर दिया है। पट्टा प्रमुख चिकित्साधिकारी, उप जिला अस्पताल जमवारामगढ़ के नाम जारी किया गया है।
जेडीए द्वारा संस्थानिक क्षेत्र में आरक्षित भूमि में से एक-दूसरे से सटे दो भूखंड आवंटित किए गए हैं। इनमें भूखंड संख्या-1 का क्षेत्रफल 5,683 वर्गमीटर तथा भूखंड संख्या-2 का क्षेत्रफल 9,225 वर्गमीटर है। यह भूमि जयपुर-जमवारामगढ़ फोरलेन मार्ग के समीप, अनुसूचित जनजाति वर्ग के अंबेडकर छात्रावास के पास स्थित है, जो मरीजों की सुविधा और पहुंच के लिहाज से उपयुक्त मानी जा रही है।
जेडीए जोन-10 की उपायुक्त राधिका देवी द्वारा पट्टा जारी किए जाने के बाद अब अस्पताल भवन निर्माण की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है। हालांकि, अस्पताल तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जेडीए को प्रस्तावित 24 मीटर चौड़ी सडक़ का निर्माण करना होगा तथा नाले पर पुलिया भी बनानी होगी।गौरतलब है कि भूमि आवंटन का यह मामला विधायक महेंद्र पाल मीना द्वारा मुख्यमंत्री के साथ भाजपा विधायकों के संवाद कार्यक्रम में प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद जेडीए ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर भूमि आवंटित की।
41 करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी: उप जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्साधिकारी डॉ. मातादीन मीना ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 40 करोड़ 93 लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। इसमें से 39 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से भवन निर्माण का टेंडर जारी किया जा चुका है।
समतलीकरण कार्य जरूरी: आवंटित भूमि वर्तमान में ऊबड़-खाबड़ है, जिसमें गहरी खाइयां और टीले मौजूद हैं। भवन निर्माण से पहले चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को भूमि का समतलीकरण कराना होगा, जो डोजर मशीनों की सहायता से जल्द पूरा किया जा सकता है।
इनका कहना है
उप जिला अस्पताल का पट्टा मिल गया है। चिकित्सा एंव स्वास्थ्य विभाग ने 39 करोड़ 25 लाख का अस्पताल भवन का टेंडर कर दिया है। 
- डॉ.मातादीन मीना, प्रमुख चिकित्साधिकारी उप जिला अस्पताल जमवारामगढ़।
-------------------------------
उप जिला अस्पताल की आवंटित जमीन पर शिघ्र कब्जा लेकर समतलीकरण करवाकर शिलान्यास किया जाएगा। 
महेंद्र पाल मीना, विधायक जमवारामगढ़