दैनिक सम्राट संवाददाता
चाकसू (लोकेश कुमार गुप्ता)। चाकसू विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत तामडिय़ा में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर चाकसू सहकारी क्रय-विक्रय समिति के अध्यक्ष मदनलाल चौधरी (तामडिय़ा) ने जनप्रतिनिधियों व प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने चाकसू विधायक को पत्र सौंपकर ग्राम पंचायत तामडिय़ा में 33/11 केवी जीएसएस (ग्रिड सब स्टेशन) खुलवाने की मांग की है।
मदनलाल चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं होने से किसानों को सिंचाई सहित विभिन्न कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि तामडिय़ा में 33/11 केवी जीएसएस स्थापित हो जाता है तो इससे आसपास के गांवों को भी सीधा लाभ मिलेगा और विद्युत व्यवस्था सुचारू हो सकेगी।इस संबंध में उन्होंने राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री को भी पत्र लिखकर अवगत कराने का आग्रह किया है। साथ ही चाकसू तहसीलदार विपुल चौधरी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए इस मांग को प्राथमिकता से पूरा करने की अपील की गई है।इसी के साथ उन्होंने चाकसू विधानसभा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि किसान इस समय दोहरी मार झेल रहे हैं। एक ओर खराब मौसम और हाल ही में हुई ओलावृष्टि के कारण फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं, वहीं दूसरी ओर फसल बीमा मुआवजे में हो रही देरी किसानों की आर्थिक स्थिति को और कमजोर कर रही है। चौधरी ने आरोप लगाया कि गिरदावरी प्रक्रिया में भी भारी अनियमितताएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर जहां खेतों में गेहूं की फसल खड़ी थी, वहां प्राइवेट एजेंसियों के दबाव में गलत गिरदावरी कर दी गई। इससे किसानों को सही मुआवजा नहीं मिल पा रहा है और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ कंपनियां अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर अनुचित लाभ कमा रही हैं, जबकि वास्तविक नुकसान झेलने वाले किसानों को राहत नहीं मिल रही है। ऐसे में किसानों को दोहरी मार का सामना करना पड़ रहा है—एक ओर प्राकृतिक आपदा और दूसरी ओर प्रशासनिक लापरवाही।मदनलाल चौधरी ने राज्य सरकार से मांग की है कि गिरदावरी में गड़बड़ी करने वाले संबंधित अधिकारियों व एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पिछले वर्ष वर्षा से खराब हुई फसल और वर्तमान में ओलावृष्टि से नष्ट हुई फसल का मुआवजा शीघ्र दिलाया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके। उन्होंने अंत में सरकार से किसानों की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कदम उठाने की अपील की है, जिससे क्षेत्र के किसानों को न्याय मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो।
तामडिय़ा में 33/11 केवी जीएसएस की मांग, फसल मुआवजे में देरी से किसानों में आक्रोश
तामडिय़ा में 33/11 केवी जीएसएस की मांग, फसल मुआवजे में देरी से किसानों में आक्रोश