Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
11 अप्रैल 2026
Epaper

साइबर ठगी गैंग पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 8 आरोपी गिरफ्तार, एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर लोगों से ठगी

साइबर ठगी गैंग पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 8 आरोपी गिरफ्तार, एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर लोगों से ठगी
साइबर ठगी गैंग पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 8 आरोपी गिरफ्तार, एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर लोगों से ठगी

भारी मात्रा में मोबाइल, सिम व एटीएम कार्ड जब्त
दैनिक सम्राट संवाददाता
जमवारामगढ़।
डीएसटी टीम व साइबर सेल की सटीक सूचना पर रेनवाल पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह एस्कॉर्ट सर्विस, स्पा और बॉडी मसाज के नाम पर लोगों को झांसा देकर ऑनलाइन ठगी कर रहा था। जिला पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद ने बताया कि साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रजनीश पूनियां व वृत्ताधिकारी जोबनेर शिवरतन गोदारा के सुपरविजन में तथा थानाधिकारी रेनवाल नरेश कंवर के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
टीम को सूचना मिली कि कस्बा रेनवाल की गणेश कॉलोनी में एक मकान में कुछ युवक मोबाइल के जरिए लोगों से संपर्क कर एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर ठगी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी, जहां 8 युवक मोबाइल फोन के जरिए ठगी करते हुए पकड़े गए। जांच में सामने आया कि आरोपी फेसबुक और व्हाट्सएप पर फर्जी आईडी बनाकर खुद को स्पा संचालक बताते थे और आकर्षक फोटो व विज्ञापन डालकर ग्राहकों को लुभाते थे। इसके बाद एडवांस राशि क्यूआर कोड के माध्यम से मंगवाकर संपर्क बंद कर देते थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21 मोबाइल फोन, 75 सिम कार्ड, 23 एटीएम/डेबिट कार्ड, 2 चेक बुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस, तीन नोटबुक, नगदी राशि सहित 2 कार व 1 मोटरसाइकिल जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक यादव, राधेश्याम यादव, दीपक कुमार यादव, उपेन्द्र राठी, राकेश वर्मा, विकास यादव, राहुल यादव पुत्र चौथूराम व राहुल यादव पुत्र लालाराम शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा  के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से लाखों रुपए की ठगी का हिसाब भी मिला है, जिसकी गहन पूछताछ जारी है। साथ ही ठगी में उपयोग किए गए बैंक खातों की जानकारी भी खंगाली जा रही है।