गर्लफ्रेंड को घर बुलाकर फंसाने की बनायी योजना, रायसर थाना पुलिस ने किया खुलासा
दैनिक सम्राट संवाददाता
जमवारामगढ़ (अंकिता शर्मा)। पुलिस थाना रायसर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हनीट्रैप के जरिए युवक को ब्लैकमेल कर लूटने वाले गिरोह का महज 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने गिरोह में शामिल चार पुरुष और दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद ने बताया कि 8 अप्रैल 2026 को दौलतपुरा निवासी एक व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट के अनुसार दीपक कुम्हार ने फेसबुक पर दोस्ती कर उसे अपने जाल में फंसाया और बहलोड स्थित खेत पर बुलाया।
6 अप्रैल की रात आरोपी अपनी कथित गर्लफ्रेंड को लेकर आया और अगले दिन मनोहरपुर छोडऩे के बहाने पीडि़त को कार में बैठा लिया। रास्ते में पहले से मौजूद बदमाशों ने गाड़ी रुकवाकर मारपीट की और महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर 15 लाख रुपये की मांग की गई, जो बाद में 7 लाख रुपये में तय हुई।आरोपियों ने पीडि़त से 80 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए और बाकी रकम देने का दबाव बनाया। पीडि़त की सूचना पर पुलिस ने रणनीति बनाकर बदमाशों को रुपए लेने के लिए बुलाया और मौके पर घेराबंदी कर दी।
कार्रवाई के दौरान एक बदमाश गाड़ी लेकर भाग निकला, जिसका पुलिस ने करीब 25 किलोमीटर तक पीछा किया। बाद में वह जंगल में भाग गया। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। अन्य आरोपियों को भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की भनक लगते ही दोनों महिला आरोपी फरार हो गईं और मोबाइल बंद कर लिए। पुलिस ने तकनीकी सहायता से उनकी लोकेशन ट्रेस कर बूंदी जिले के इन्द्रगढ़ क्षेत्र से उन्हें गिरफ्तार किया। रायसर थाना पुलिस ने हनुमान सहाय गुर्जर निवासी चैनपुरा, थाना रायसर, जयपुर,
रामकिशन मीणा उर्फ राहुल उर्फ रोहन उर्फ बिल्लू निवासी श्यामपुरा, थाना विराटनगर, कोटपुतली-बहरोड़, कानाराम गुर्जर निवासी बहलोड, थाना रायसर, जयपुर,दीपक कुमावत निवासी प्रतापगढ़, अलवर,दिव्या निवासी करनाल, हरियाणा व अन्नु देवी निवासी सोडाला, जयपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बोलेरो वाहन, वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार और 20 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। आरोपी रामकिशन उर्फ राहुल और दीपक कुम्हार के खिलाफ पहले भी लूट के मामले दर्ज हैं।
फेसबुक फ्रेंडशिप से हनीट्रैप, 24 घंटे में गिरोह बेनकाब, 6 आरोपी गिरफ्तार, वीडियो बनाकर 7 लाख की डिमांड, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा पूरा गैंग
फेसबुक फ्रेंडशिप से हनीट्रैप, 24 घंटे में गिरोह बेनकाब, 6 आरोपी गिरफ्तार, वीडियो बनाकर 7 लाख की डिमांड, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा पूरा गैंग