Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
13 अप्रैल 2026
Epaper

सरकारी नर्सरी में लगी भीषण आग, सफेदे के पेड़ और नीचे पड़े कचरे में भडक़ी आग

सरकारी नर्सरी में लगी भीषण आग, सफेदे के पेड़ और नीचे पड़े कचरे में भडक़ी आग
सरकारी नर्सरी में लगी भीषण आग, सफेदे के पेड़ और नीचे पड़े कचरे में भडक़ी आग

सूचना मिलते ही पहुंची दमकल, आग पर पाया काबू, 

दैनिक सम्राट संवाददाता
चाकसू (लोकेश कुमार गुप्ता)।
चाकसू क्षेत्र में शनिवार को टोक रोड स्थित झरनियां शीतलामाता के पास सरकारी नर्सरी में अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में नर्सरी में लगे सफेदे के पेड़ों और नीचे पड़े सूखे कचरे को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते धुएं के गुबार आसमान में उठने लगे, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के दौरान तेज हवा के कारण लपटें तेजी से फैल रही थीं, जिससे आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो गया। घटना के समय आसपास से गुजर रहे  राहगीर मोनू खंडेलवाल की सतर्कता के चलते सूचना समय पर संबंधित विभाग तक पहुंची, जिसके बाद दमकल विभाग की गाडिय़ां तत्काल मौके पर रवाना की गईं।
सूचना मिलते ही दमकल कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और बिना देर किए आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। दमकल विभाग की तत्परता और कुशल कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा आग आसपास के क्षेत्रों में फैल सकती थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नर्सरी के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के संपर्क में आने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे चिंगारी निकली और सूखे कचरे ने तुरंत आग पकड़ ली। 
घटना के दौरान किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन नर्सरी में लगे कई पेड़ और पौधे आग की चपेट में आने से नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए उचित सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, विशेष रूप से विद्युत लाइनों की नियमित जांच और सफाई व्यवस्था पर ध्यान दिया जाए। इस घटना ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। समय रहते आग पर काबू पा लेने से जहां एक ओर बड़ा नुकसान टल गया, वहीं प्रशासन और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना भी की जा रही है।