Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
7 अप्रैल 2026
Epaper

चाकसू कृषि मंडी कल बंद रहेगी: मौसम बिगडऩे के अलर्ट के बाद लिया फैसला

चाकसू कृषि मंडी कल बंद रहेगी: मौसम बिगडऩे के अलर्ट के बाद लिया फैसला
चाकसू कृषि मंडी कल बंद रहेगी: मौसम बिगडऩे के अलर्ट के बाद लिया फैसला

दैनिक सम्राट संवाददाता 
चाकसू (लोकेश कुमार गुप्ता)। उपखण्ड क्षेत्र में मौसम के अचानक बिगडऩे की आशंका को देखते हुए चाकसू कृषि उपज मंडी समिति ने एहतियातन महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बुधवार को मंडी बंद रखने की घोषणा की है। यह फैसला मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के बाद लिया गया, जिसमें तेज आंधी, बारिश और खराब मौसम की संभावना जताई गई है। मंडी प्रशासन के अनुसार, किसानों, व्यापारियों और मजदूरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है। मंडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर पहुंचते हैं, जिससे भीड़भाड़ की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में खराब मौसम के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए एक दिन के लिए मंडी संचालन स्थगित करने का निर्णय लिया गया।मंडी समिति के अधिकारियों ने बताया कि मौसम विभाग ने क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है। इस कारण मंडी परिसर में खुले में रखी फसलों के खराब होने का खतरा भी बना रहता है। किसानों को नुकसान से बचाने और अनावश्यक जोखिम से दूर रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे बुधवार को अपनी उपज लेकर मंडी न आएं और मौसम सामान्य होने के बाद ही मंडी में बिक्री के लिए पहुंचे। साथ ही व्यापारियों और हम्मालों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे मंडी बंदी के दिन अनावश्यक रूप से परिसर में उपस्थित न रहें। मंडी बंद होने की सूचना आसपास के गांवों में भी प्रसारित कर दी गई है, ताकि किसानों को समय रहते जानकारी मिल सके और वे अपनी उपज को सुरक्षित स्थान पर रख सकें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि मौसम सामान्य रहता है तो अगले दिन से मंडी का संचालन नियमित रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
स्थानीय किसानों ने मंडी समिति के इस निर्णय का समर्थन किया है। उनका कहना है कि खराब मौसम में मंडी आने से जहां फसलों को नुकसान होता है, वहीं जान-माल का भी खतरा बना रहता है। ऐसे में मंडी बंद रखने का फैसला उचित और किसानों के हित में है। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। ऐसे में प्रशासन द्वारा समय रहते लिया गया यह निर्णय राहत भरा माना जा रहा है।