Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
7 अप्रैल 2026
Epaper

तमिलनाडु की सरकार भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति में लिप्त: भजनलाल शर्मा

तमिलनाडु की सरकार भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति में लिप्त: भजनलाल शर्मा
तमिलनाडु की सरकार भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति में लिप्त: भजनलाल शर्मा

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश बढ़ रहा तेजी से आगे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कोयम्बटूर उत्तर से एनडीए के प्रत्याशी को विजयी बनाने का किया आह्वान
दैनिक सम्राट संवादादता
तमिलनाडु/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के अनुसार देश में किसान, युवा, महिला, मजदूर चार जातियां है। उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रधानमंत्री प्राथमिकता से कार्य कर रहे है। शर्मा सोमवार को तमिलनाडु के कोयम्बटूर में एक कार्यक्रम के दौरान प्रवासी राजस्थानियों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 47वें भाजपा स्थापना दिवस की सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में हमारी सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आमजन को पानी, बिजली की निर्बाध आपूर्ति हो रही है तथा युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर मिल रहे है।  शर्मा ने कहा कि तमिलनाडु की वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। ऐसा ही राजस्थान में गत कांग्रेस सरकार ने किया था। हमें ऐसी सरकार को जड़ से उखाडक़र फेंकना है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि कोयंबटूर उत्तर से एनडीए के प्रत्याशी वनाथी श्रीनिवासन को ज्यादा से ज्यादा मत देकर विजयी बनाएं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रवासी राजस्थानियों से आत्मीय संवाद भी किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने कोयम्बटूर स्थित पेरूर पट्टेश्वर मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने मंदिर में भगवान शिव के विग्रह रूप के समक्ष शीश झुकाकर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री के कोयम्बटूर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी मौजूद रहे।