राजस्थान विधान सभा में प्रतिपक्ष के नेता टीकाराम जूली दो दिवसीय चुनावी दौरे पर पहुंचे केरलम
दैनिक सम्राट संवाददाता
जयपुर/कोट्टायम (केरलम)। राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली आज से केरलम के दो दिवसीय चुनावी दौरे पर हैं। श्री जूली ने कोट्टायम पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय ओमेन चांडी के पुत्र कांग्रेस प्रत्याशी चांडी ओमेन के समर्थन में विधानसभा क्षेत्र-पुदुपल्ली में एक जनसभा को संबोधित किया। जूली ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि केरलम की जनता वर्तमान सरकार के कुशासन से त्रस्त है और इस बार राज्य में कांग्रेस नीत यूडीएफ के पक्ष में भारी जनसमर्थन और बदलाव की लहर स्पष्ट दिखाई दे रही है। जूली ने पुरजोर शब्दों में कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी ने भाजपा की नफरत की राजनीति के खिलाफ जो जंग छेड़ी है, आज पूरा देश इस मुहिम में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने केरलम की जनता से अपील की है कि वे नफरत को हराने और समाज को जोडऩे के इस संघर्ष में राहुल गांधी का मजबूती से साथ दें।
जूली ने कहा कि केरलम में इंदिरा गारंटी ही असली बदलाव लाएगी और यूडीएफ की जीत सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा-आरएसएस की विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ राहुल गांधी जो जंग लड़ रहे हैं, देश के भविष्य के लिए हमें उसमें उनका मजबूती से साथ देना है। जूली ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी पूरे देश में सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने और पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केरलम के चुनाव में कांग्रेस की इंदिरा गारंटी इस वक्त सबसे बड़ा मुद्दा बनी हुई है, जिसके तहत महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, कॉलेज छात्राओं के लिए 1,000 रुपएमासिक भत्ता, युवाओं को स्वरोजगार के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण और कल्याणकारी पेंशन को बढ़ाकर 3,000 रुपये करने जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही, समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा से जोडऩे के लिए कांग्रेस अपने समावेशी विकास के एजेंडे पर अडिग है।
केरलम में इंदिरा गारंटी से आएगा बदलाव, यूडीएफ की जीत तय: टीकाराम जूली
केरलम में इंदिरा गारंटी से आएगा बदलाव, यूडीएफ की जीत तय: टीकाराम जूली