अंतिम निर्णय विभाग स्तर पर, स्थानीय प्रशासन तैयारियों में जुटा
दैनिक सम्राट संवाददाता
जमवारामगढ़ (अंकिता शर्मा)। उपखंड क्षेत्र के मूंडला गांव स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर पीठ परिसर में आगामी अम्बेडकर जयंती पर प्रस्तावित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को जयपुर जिला कलेक्टर संदेश नायक व जमवारामगढ़ विधायक महेंद्र पाल मीना ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ पीठ परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सबसे पहले परिसर में स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थल का जायजा लिया। इसके बाद प्रशासनिक भवन में महानिदेशक कार्यालय, सचिव कार्यालय, कॉन्फ्रेंस कक्ष व लॉबी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।लंबे समय से उपयोग नहीं होने के कारण भवन के जर्जर होने पर कलेक्टर ने मरम्मत व साफ-सफाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रस्तावित मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे समतलीकरण कार्य और झाडिय़ों की सफाई का जायजा लिया गया।
कलेक्टर ने बिजली, पानी और पार्किंग व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही पुलिस विभाग को यातायात व पार्किंग प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के दौरान परिसर में बने 92 बेड के छात्र-छात्रा छात्रावासों का भी जायजा लिया गया। करीब 7-8 वर्ष पहले निर्मित ये छात्रावास उपयोग में नहीं होने से निष्प्रयोज्य बने हुए हैं। इस पर कलेक्टर ने पीठ सचिव सुमन मीना को इनके उपयोग हेतु विभागीय स्तर पर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जमवारामगढ़ तहसीलदार रामधन विश्नोई,आंधी तहसीलदार प्रांजल कंवर,सहायक अभियंता विधुत अशोक मीना,सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अमित शर्मा व थानाधिकारी भगवान सहाय मीना आदि मौजूद थे।
अनुप्रति योजना के तहत कोचिंग का सुझाव: विधायक महेंद्र पाल मीना ने सुझाव दिया कि अनुप्रति योजना के चयनित छात्र-छात्राओं के लिए यहां कोचिंग, लाइब्रेरी व छात्रावास सुविधाओं का उपयोग किया जा सकता है।
कार्यक्रम स्थल पर अंतिम निर्णय बाकी: पीठ सचिव सुमन मीना ने बताया कि कार्यक्रम स्थल का अंतिम चयन अभी शेष है। इसका निर्णय मुख्यमंत्री कार्यालय व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर पर किया जाएगा, हालांकि तैयारियां पूरी गति से जारी हैं।
इनका कहना है: प्रदेश स्तरीय आयोजन के लिए मूंडला स्थित डॉ. अम्बेडकर पीठ सबसे उपयुक्त स्थान है। अम्बेडकर जयंती पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम पीठ परिसर में करवाने का पूरा प्रयास रहेगा। -महेंद्र पाल मीना, विधायक जमवारामगढ़
अम्बेडकर जयंती के राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों में तेजी, जिला कलेक्टर ने किया कार्यस्थल का निरीक्षण
अम्बेडकर जयंती के राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों में तेजी, जिला कलेक्टर ने किया कार्यस्थल का निरीक्षण