लंदन: विजडन अल्मानैक 2026 पुरस्कारों में भारतीय क्रिकेटरों का दबदबा देखने को मिला। भारतीय क्रिकेटरों ने कुल नौ में से सात अवॉर्ड अपने नाम किए। ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार दिया गया, जबकि अभिषेक शर्मा को टी-20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया। दीप्ति शर्मा को यह पुरस्कार पिछले साल के आईसीसी महिला वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के लिए दिया गया।
22 विकेट लेकर दीप्ति शर्मा पिछले साल हुए महिला वनडे विश्व कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाजी बनी थीं। दीप्ति ने नौ मैचों में 215 रन भी बनाए थे, जिनमें तीन अर्धशतक शामिल थे। विश्व कप जिताने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी
दीप्ति के करियर पर एक नजर
- 266 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं आलराउंडर दीप्ति शर्मा
- 136 टी-20 मैच में दीप्ति ने 1108 रन और 153 चटकाए हैं, जबकि 124 वनडे में 2771 और 166 और छह टेस्ट में 335 रन और 22 विकेट ले चुकी हैं
- 33 मैच खेल चुकी हैं दीप्ति शर्मा महिला प्रीमियर लीग में
- वह पिछले चार सालों से यूपी वॉरियर्स का प्रतिनिधित्व करती है।
- 638 रन और 34 विकेट ले चुकी हैं दीप्ति शर्मा महिला प्रीमियर लीग में
- दो डब्ल्यूबीबीएल टीमों की ओर से खेल चुकी हैं दीप्ति शर्मा।
- वह 2021-22 में सिडनी थंडर से और 2024-25 में मेलबर्न स्टार्स से खेल चुकी हैं
भारतीय पुरुष क्रिकेटरों का जलवा
अभिषेक शर्मा ने 2025 में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 21 मैचों में 859 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 193 का रहा, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। इस विस्फोटक बल्लेबाजी के चलते उन्हें टी 20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया। भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को विजडन के 'फाइव क्रिकेटर्स ऑफ द ईयर' में शामिल किया गया।