नई दिल्ली। कहते हैं क्रिकेट अनिश्चित्ताओं का खेल है और इस खेल की ये विशेषता कब मैदान पर दर्शन दे जाए कोई नहीं जानता। तभी अपनी तूफानी बैटिंग के लिए मशहूर राजस्थान रॉयल्स की सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद के सामने हालत ये हुई की उसे 57 रनों से आईपीएल-2026 की अपनी पहली हार झेलनी पड़ी। हार भी ऐसी जो सदियों तक याद रहेगी। हैदराबाद के छह विकेट के 216 रनों के स्कोर के सामने राजस्थान 19 ओवरों में 189 रनों पर ही ढेर हो गई।
राजस्थान का ये हाल किया दो नए चेहरों ने। इसमें से एक का नाम है प्रफुल्ल हिंगे जो अपना पहला आईपीएल मैच खेल रहे थे। पहले ही ओवर में प्रफुल्ल ने जो कहर ढाया उससे राजस्थान उभर नहीं पाई और उसे हार मिली। प्रफुल्ल ने पहले ही ओवर में तीन विकेट लिए और सिर्फ एक रन दिए। ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने वैभव सूर्यवंशी, चौथी गेंद पर ध्रुव जुरेल और आखिरी गेंद पर लुहान डी प्रीटोरियस को पवेलियन भेज दिया। इनमें से कोई भी खाता नहीं खोल पाया। ये आईपीएल इतिहास में पहली बार है कि किसी गेंदबाज ने पहले ही ओवर में तीन विकेट लिए हों। प्रफुल्ल से पहले कोई और गेंदबाज ये काम नहीं कर सका था।
कप्तान को भी नहीं छोड़ा
दूसरे ओवर में एक और नए गेंदबाज साकिब हुसैन ने यशस्वी जायसवाल की पारी का अंत कर दिया। यशस्वी खाता खोलने में सफल रहे और एक रन बना पाए। लेकिन प्रफुल्ल को अभी और कहर बरपाना था। राजस्थान के खिलाफ वह ऐसी गेंदबाजी कर रहे थे मानो पुरानी दुश्मनी है। अपने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर प्रफुल्ल ने रियान पराग को आउट किया। पराग ने चार रन बनाए।
क्रिकेट में इसे ड्रीम डेब्यू कहा जाता है। पहले ही ओवर में ऐसे बल्लेबाजों का शिकार करना जो गेंदबाजों को तोड़ने के लिए मशहूर हैं, प्रफुल्ल ने उनका ही टिकना मुश्किल कर दिया। ये ऐसे ही नहीं हुआ। इसके पीछे तैयारी थी। वैभव को उन्होंने पूरी तैयारी के साथ आउट किया। डीप स्क्वायर लेग पर फील्डर लेकर बाउंसर फेंकी और खेलने के लिए मजबूर किया। वैभव खेलने गए और आउट हो गए। ये बताता है कि वह किस तैयारी के साथ आए थे।
एक और बात प्रफुल्ल की गेंदबाजी में देखने को मिली वो ये थी कि उनकी स्पीड लगभग एक जैसी थी। पहले ओवर में तीनों विकेट उन्होंने 138 से 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की गेंदों पर लिए जो बताता है कि उनके पास अपनी स्पीड को मेंटेन करने की क्षमता है। आलम ये था कि तीन ओवरों के बाद राजस्थान का स्कोर नौ रनों पर पांच विकेट था।
जडेजा और फरेरा ने संभाला
ऐसी स्थिति में लग रहा था कि राजस्थान आज आईपीएल में सबसे कम स्कोर का आरसीबी का रिकॉर्ड तोड़ देगी। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 23 अप्रैल 2017 को आरसीबी महज 49 रनों पर ही ढेर हो गई थी। लग रहा था कि राजस्थान आज ये रिकॉर्ड अपने नाम कर लेगी। हालांकि, रवींद्र जडेजा और डोनोवान फरेरा ने साझेदारी कर ऐसा होने नहीं दिया। फरेरा ने 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर चौका मार अपना पहला आईपीएल अर्धशतक पूरा किया।
साकिब ने भी दिखाया दम
दोनों लड़ाई तो लड़ रहे थे लेकिन जीत दूर ही लग रही थी। बात सिर्फ एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच हार के अंतर को कम करने की थी। इस साझेदारी को साकिब ने 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर तोड़ दिया। उन्होंने अपनी स्लोअर गेंद पर फरेरा को बोल्ड कर दिया। उन्होंने 44 गेंदों का सामना कर सात चौके और तीन छक्कों की मदद से 69 रन बनाए।
जडेजा भी ईशान मलिंगा की गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 32 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 45 रन बनाए और यहां से राजस्थान की हार पक्की लग रही थी क्योंकि उसे जीत के लिए 26 गेंदों पर 88 रन चाहिए थे यो बनने नामुमकिन लग रहे थे।
साकिब ने 17वें ओवर की पांचवीं और आखिरी गेंद पर दो विकेट लेकर चार विकेट पूरे किए। 17 ओवरों के बाद राजस्थान का स्कोर नौ विकेट के नुकसान पर 140 रन था। राजस्थान को जीत के लिए एक विकेट चाहिए था। 18वां ओवर उन्हें मिला,लेकिन वह पंजा नहीं ले सके। चार ओवरों में प्रफुल्ल ने 34 रन देकर चार विकेट लिए। अपने चौथे ओवर में उन्होंने 16 रन दिए तभी उनका इकॉनमी थोड़ा बिगड़ गया। वहीं साकिब ने चार ओवरों में 24 रन देकर चार विकेट लिए। मलिंगा ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर तुषार देशपांडे को आउट कर सनराइजर्स को जीत दिलाई।
अभिषेक ने किया निराश
राजस्थान ने इस मैच में टॉस जीता था और हैदराबाद को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही और पहली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा वापस लौट गए, लेकिन इसके बाद कप्तान ईशान किशन ने मोर्चा संभाला। हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में ईशान ने 44 गेंदों में 91 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन स्टेडियम की लाइट बंद होने के कारण उनकी लय टूट गई और वह शतक से चूक गए, लेकिन हैदराबाद की टीम लगातार दूसरे मैच में 200 से ऊपर का स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
लगातार चार मैच जीतकर हैदराबाद पहुंची राजस्थान के जोफ्रा आर्चर ने पहली ही गेंद पर अभिषेक को शॉर्ट बॉल पर फंसाया और उन्होंने थर्ड मैन पर खड़े रवि बिश्नोई ने उनका कैच लपका। अभिषेक इस साल 18 टी-20 पारियों में सातवीं बार शून्य पर आउट हुए। वहीं 2018 के बाद पहली बार सनराइजर्स का कोई बल्लेबाज गोल्डन डक पर आउट हुए। इससे पहले शिखर धवन 2018 में पहली ही गेंद पर आउट हुए थे।
ईशान ने मचाया तहलका
अभिषेक के आउट होने के बाद क्रीज पर उतरे ईशान ने संभलकर शुरुआत की और सातवीं गेंद पर पहला चौका लगाया। इसके बाद उन्होंने आर्चर को छक्का जड़कर रफ्तार पकड़ी और बर्गर को भी छक्का जड़ा। पहले ओवर में केवल दो रन बनाने वाली सनराइजर्स ने चौथे ओवर में 28 रन बना लिए थे और पावरप्ले खत्म होते होते हेड और ईशान ने टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया था।
पावरप्ले के अगले ही ओवर में हेड पवेलियन लौट गए और उन्हें रियान पराग ने आउट किया। हालांकि दूसरे छोर से ईशान ने विकेट संभाले रखा और छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। इस सीजन ये उनका दूसरा अर्धशतक है। उनके बल्ले से तीन पारियों के बाद अर्धशतक निकला, इससे पहले उन्होंने उद्घाटन मैच में आरसीबी के विरुद्ध 80 रन की पारी खेली थी।
किशन शुरुआत से ही शानदार लय में नजर आए। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और छह छक्के जड़े और गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी रहे। उनका स्ट्राइक रेट और शॉट चयन इस बात का संकेत था कि वह मैच को बड़े स्कोर की दिशा में ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार थे।
नीतीश रेड्डी ने भी मचाया तूफान
किशन के आउट होने के बाद एसआरएच की पारी को अंत में तेज गति देने का काम नीतीश कुमार रेड्डी और सलिल अरोड़ा ने किया। रेड्डी ने सिर्फ 13 गेंदों में 28 रन बनाए, जबकि सलील अरोड़ा 13 गेंदों पर 24 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी की वजह से टीम 200 के पार पहुंच सकी। राजस्थान की ओर से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर ने दो विकेट लिए, लेकिन वह महंगे साबित हुए।