Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
7 अप्रैल 2026
Epaper

भाजपा राष्ट्रहित, विकास और सेवा की भावना के साथ कार्य करने वाली पार्टी: सीएम भजनलाल शर्मा

भाजपा राष्ट्रहित, विकास और सेवा की भावना के साथ कार्य करने वाली पार्टी: सीएम भजनलाल शर्मा
भाजपा राष्ट्रहित, विकास और सेवा की भावना के साथ कार्य करने वाली पार्टी: सीएम भजनलाल शर्मा

भाजपा ने सदैव राष्ट्रहित को रखा सर्वोपरि,संगठन की मजबूती पार्टी की सबसे बड़ी ताकत: मदन राठौड़

वफादार कार्यकर्ताओं को ही मिले राजनीतिक नियुक्तियां, अवसरवादियों को नहीं: वसुन्धरा राजे
दैनिक सम्राट संवाददाता
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को प्रदेश मुख्यालय में उत्साह और उल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, विकास और सेवा की भावना के साथ कार्य करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और सेवा के कारण ही पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर भाजपा की सरकार होने से कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने सभी से जनता के बीच रहकर कार्य करने तथा पार्टी को और अधिक सशक्त एवं अजेय बनाने का लक्ष्य तय करने का आह्वान किया। उन्होंने जनसंघ से प्रारंभ हुए संगठन के सफर को याद करते हुए कहा कि हमारी नीति में राष्ट्र सर्वोपरि है, उसके बाद पार्टी का स्थान है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी ने सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है और संगठन की मजबूती ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देशभर में विकास और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को मजबूत कर रही है तथा केंद्र और राज्य सरकारें देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्यरत हैं।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का 46 वर्षों का सफर संघर्ष, निष्ठा और विचारधारा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजनीतिक नियुक्तियां और महत्वपूर्ण दायित्व केवल उन्हीं कार्यकर्ताओं को मिलने चाहिए जो पार्टी की मूल विचारधारा के प्रति वफ़ादार हैं। उन्होंने कहा कि अवसरवादियों को संगठन में प्राथमिकता नहीं मिलनी चाहिए।
राजे ने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं में निष्ठा, समर्पण और संघर्ष की भावना है, उन्हें ही आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि पद के लिए काम करने की बजाय संगठन के लिए काम करें, पद स्वयं चलकर आएगा। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, राजमाता विजयाराजे सिंधिया और भैरों सिंह शेखावत के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा जलाया गया संगठन का दीप आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और अधिक प्रकाशमान हुआ है।

 


कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय एवं भाजपा जिंदाबाद के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। इस अवसर पर अनेक मंत्री, सांसद, विधायक एवं पार्टी पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान सरकार के मंत्री  जवाहर सिंह बेढ़म, गौतम दक, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, भूपेंद्र सैनी, मिथिलेश गौतम, प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह, एकता अग्रवाल, विधायक बाल मुकुंदाचार्य महाराज, गोपाल शर्मा, कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, आईटी प्रभारी अविनाश जोशी, सोशल मीडिया प्रभारी हिरेंद्र कौशिक, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड, युवा मोर्चा अध्यक्ष शंकर गोरा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र कुमावत, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष हमीदखान मेवाती सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।