Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
7 अप्रैल 2026
Epaper

प्यार के जाल में फंसाकर युवाओं से कराती ड्रग्स तस्करी

प्यार के जाल में फंसाकर युवाओं से कराती ड्रग्स तस्करी
प्यार के जाल में फंसाकर युवाओं से कराती ड्रग्स तस्करी

दैनिक सम्राट संवाददाता
जयपुर
। जयपुर में युवाओं को प्यार के जाल में फंसाकर ड्रग्स सप्लाई करवाने वाली महिला तस्कर को पुलिस ने उसी के तरीके से पकड़ा। जयपुर नॉर्थ पुलिस ने ड्रग्स तस्करी मामले में बड़ा खुलासा किया। मास्टर माइंड महिला तस्कर और उसके साथी को शास्त्री नगर थाना पुलिस ने सोमवार को अरेस्ट किया है। पुलिस ने आरोपियों से 150 ग्राम एमडी, 1.987 किलो गांजा और तस्करी में यूज स्कूटी बरामद की है।
डीसीपी (नॉर्थ) करण शर्मा ने बताया- ड्रग्स तस्करी में आरोपी महिला तस्कर मीनू गुप्ता (33) निवासी हनुमान नगर द्वितीय लालचंदपुरा खोरा बिसल और सिकंदर (29) निवासी संजय नगर झोटवाड़ा को अरेस्ट किया गया। पुलिस ने महिला तस्कर से दोस्ती कर उसके राज जाने और कार्रवाई की।
एसएचओ (शास्त्री नगर) दिलीप सिंह ने बताया- जांच में सामने आया कि मास्टर माइंड मीनू गुप्ता काफी समय से ड्रग्स तस्करी कर रही है। वह खुद को राजस्थान होमगार्ड में स्वयंसेवक की नौकरी करना बताती थी। मिलने वाले नए लडक़ों को प्यार के जाल में फंसाकर ड्रग्स तस्करी में यूज करती थी। खुद की ऊंची पहुंच होने की धौंस देने के साथ ही नए तस्करों को पुलिस से बचने के तरीके भी बताती थी।
शास्त्री नगर थाना पुलिस ने ड्रग्स तस्कर आरोपी सिकंदर को अंबाबाड़ी में द्रव्यवती नदी के पास से पकड़ा है। उसके कब्जे से 25 ग्राम एमडी ड्रग्स और तस्करी में यूज एक्टीवा स्कूटी बरामद की गई। वहीं, खोरा बिसल के लालचंदपुरा से ड्रग्स तस्करी में महिला मास्टर माइंड मीनू गुप्ता को अरेस्ट किया गया है। उसके कब्जे से 125 ग्राम एमडी और 1.987 किलो गांजा बरामद किया गया है।
तस्कर से दोस्ती का नाटक कर पुलिस ने जाना तरीका: महिला तस्कर प्रेम जाल में फंसाकर नए लडक़ों से ड्रग्स की सप्लाई करवाती थी। पॉश इलाके, स्कूल-कॉलेज और फैक्ट्री एरिया को टारगेट कर ड्रग्स सप्लाई करवाई जाती थी। अलग-अलग जगहों पर कस्टमरों तक सप्लाई के दौरान महिला तस्कर निगरानी रखती थी। पुलिस ने महिला तस्कर से दोस्ती का नाटक कर चाय-काफी पीने के बहाने राज और काम करने के तौर-तरीकों के बारे में जान कार्रवाई की।