जयपुर ग्रामीण पुलिस लाइन में समारोह आयोजित
दैनिक सम्राट संवाददाता
जमवारामगढ़ (अंकिता शर्मा)। पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन, जयपुर ग्रामीण में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महानिरीक्षक पुलिस, जयपुर रेंज राहुल प्रकाश रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रजनीश पुनिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सेरिमोनियल परेड से हुई, जिसकी सलामी मुख्य अतिथि द्वारा ली गई। इसके बाद पुलिस जवानों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया और अनुशासन एवं दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पुलिस बैंड की मधुर प्रस्तुति ने समारोह को और अधिक आकर्षक बना दिया।परेड के उपरांत वर्ष 2025 में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कुल 129 पुलिसकर्मियों को सेवा चिन्ह, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जिनमें 70 को उत्तम, 37 को अति उत्तम और 22 को सर्वोत्तम सेवा चिन्ह से नवाजा गया।मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पुलिस की सहायता करने वाले 7 नागरिकों को माला व साफा पहनाकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में महानिरीक्षक राहुल प्रकाश ने कहा कि पुलिस स्थापना दिवस कर्तव्यों, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण की याद दिलाता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निष्पक्ष, संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग के लिए प्रेरित किया।
समारोह के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समाज में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
