जिम्मेदार कर्मचारियों समेत सफाई संवेदक पर हो सख्त कार्यवाही, तभी हो सकता है बस्सी का विकास
दैनिक सम्राट संवाददाता
बस्सी (डीसी बेनिवाल)। प्रदेश में स्वच्छता को लेकर जगह-जगह सफाई अभियान चलाया जा रहा है। दिखावे के तौर पर नेताओं से लेकर अधिकारियों, कर्मचारियों तक सभी ने हाथों में झाड़ू लेकर अभियान का काम भी किया, लेकिन धरातल पर देखा जाएं तो बस्सी शहर में सफाई व्यवस्था का हाल-बेहाल है। यहां मुख्य मार्गो से लेकर गली-मोहल्लों मे गंदगी के ढ़ेर लगे हुए हैं। प्रत्यक्ष रूप से देखा जाए तो बस्सी में सिर्फ कागजों में ही स्वच्छता अभियान चलाया जाता है। हालांकि हकीकत में बस्सी शहर पूरे तरीके से सड़ रहा है। यहां नगरपालिका के कर्मचारियों एंव सफाई संवेदक ठेकेदार की कमी एवं लापरवाहीं से मुख्य मार्गो से लेकर गली-मोहल्लों में गंदगी पसरी पड़ी है, हालात कुछ ऐसे हैं कि सडक़ व नालियों की साफ-सफाई नहीं होने से सडक़ पर ही गंदगी के बीच पेड़-पौधो ने शरणं ले ली है। वहीं नालियां व नाले कचरे से लबालब होकर अवरूद्ध है, जिससे कई जगहों पर तो नालियों का गंदा पानी और गंदगी ओवरफ्लो होकर सडक़ मार्ग पर ही बह रहा है। गौरतलब है कि बस्सी चक से कृषि उपज मंडी तक दोनों लेन में नाले गंदगी से लबालब होकर ओवरफ्लो है। वहीं स्वयं नगरपालिका कार्यालय से रेलवे स्टेशन रोड़ तक नाला गंदगी से अवरूद्ध है, दोनों लेन पर नालों की सफाई नहीं होने से नाला जाम हो गया है। इसी तरह बस्सी की दर्जनभर कॉलोनीयो में भी नालियां गंदगी से अटी पड़ी है। जगह-जगह कूड़े के ढ़ेर लगे हुए हैं।
नगरपालिका के पास उपकरणों की कमी नहीं, फिर भी सफाई व्यवस्था बेपटरी
शहरवासियों का आरोप है कि ग्राम पंचायत के कार्यकाल में पहले बस्सी में समय-समय पर गली-मोहल्लों, कॉलोनियों, मुख्य मार्गों पर फोगिंग, ब्लीचिंग पाउडर व दवा का छिडक़ाव किया जाता था। लेकिन अब नगरपालिका बनने के बाद शहर में ना तो ब्लीचिंग पाउडर का छिडक़ाव किया जाता है और ना ही नालों-नालियों में दवा का छिडक़ाव किया जा रहा है। शहर के प्रमुख मुख्य मार्गों समेत सभी वार्ड-कॉलोनियों में फोगिंग भी होना आवश्यक है। लेकिन यहां सफाई के नाम पर लाखों रुपए खर्च करने के बावजूद बस्सी में सफाई व्यवस्था बेपटरी है। बस्सी शहर की कॉलोनियां, गली-मोहल्ले स्वच्छता अभियान के दावो की पोल खोलती नजर आ रही है। जिससे शहर में संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ गई है। शहर में कूड़ा उठाने के लिए बस्सी नगरपालिका के पास बड़ी गाडिय़ों समेत लोडर व अन्य उपकरणों की भी कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद बस्सी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी हैं।

