Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
13 मई 2026
Epaper

सम्राट कैबिनेट: BJP-JDU समेत 32 मंत्रियों ने ली शपथ, नीतीश के बेटे की राजनीति में धमाकेदार एंट्री

सम्राट कैबिनेट: BJP-JDU समेत 32 मंत्रियों ने ली शपथ, नीतीश के बेटे की राजनीति में धमाकेदार एंट्री
सम्राट कैबिनेट: BJP-JDU समेत 32 मंत्रियों ने ली शपथ, नीतीश के बेटे की राजनीति में धमाकेदार एंट्री

सम्राट चौधरी के CM बनने के 22 दिन बाद आज गुरुवार को कैबिनेट का विस्तार किया गया। मेगा इवेंट में नीतीश के बेटे निशांत कुमार समेत 32 मंत्री सम्राट कैबिनेट में शामिल हुए।

नई कैबिनेट में बीजेपी से 15, जेडीयू से 13, LJP(R)-2, HAM और RLM से एक-एक मंत्री हैं। 25 मिनट चले इस कार्यक्रम में एक साथ 5-5 विधायकों ने शपथ ली है।

पहली बार में निशांत कुमार, श्रवण कुमार, विजय सिन्हा, लेसी सिंह, और दिलीप जायसवाल ने शपथ ली। निशांत कुमार पहली बार मंत्री बने हैं।

समारोह में PM मोदी भी शामिल हुए हैं। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार को अपने पास बुलाया। मंच पर उनसे हाथ मिलाया, इस दौरान नीतीश कुमार ने पीएम का कंधा पकड़कर हिला दिया। दो बार बिहार के स्वास्थ्य मंत्री रहे मंगल पांडेय इस बार कैबिनेट में जगह नहीं मिली है, खबर है कि पार्टी में उन्हें बड़ी जगह दी जाएगी।

मंच पर दिखा भावुक पल

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सबसे खास पल तब आया, जब निशांत कुमार ने मंच पर पहुंचकर नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

इसके बाद नीतीश कुमार ने बेटे की पीठ थपथपाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। यह दृश्य देखते ही गांधी मैदान तालियों और नारों से गूंज उठा।

राजनीतिक जानकार इसे सिर्फ पारिवारिक पल नहीं, बल्कि जेडीयू में नेतृत्व परिवर्तन के संकेत के तौर पर भी देख रहे हैं।

पहली पंक्ति में दिखे बड़े चेहरे

समारोह में श्रवण कुमार, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, निशांत कुमार और लेसी सिंह ने शुरुआती दौर में मंत्री पद की शपथ ली।

इन नेताओं को सबसे पहले शपथ दिलाना राजनीतिक संदेश माना जा रहा है। खासकर निशांत कुमार की मौजूदगी ने पूरे समारोह का केंद्र बदल दिया।

हाल के दिनों में वे बिहार सद्भावना यात्रा के जरिए लगातार जनता के बीच सक्रिय नजर आ रहे थे।

विभागों पर अब सबकी नजर

हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि निशांत कुमार को कौन सा मंत्रालय मिलेगा। माना जा रहा है कि जल्द ही विभागों का बंटवारा किया जाएगा।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

जेडीयू कार्यकर्ताओं का मानना है कि निशांत कुमार के सरकार में आने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और आने वाले चुनावों में इसका असर भी दिखाई देगा।

मंत्रिमंडल विस्तार से जुड़े हाईलाइट्स

  • JDU से 3 नए चेहरे- निशांत कुमार, बुलो मंडल और श्वेता गुप्ता।
  • बीजेपी से 5 नए चेहरे- मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र पासवान, अरूण शंकर प्रसाद, नंद किशोर राम और इंजीनियर शैलेंद्र।
  • सम्राट सरकार का जातीय समीकरण- EBC- 9, OBC-9, दलित-7, सवर्ण-9 और मुस्लिम-1।
  • सम्राट कैबिनेट में 5 महिला मंत्री, इनमें सबसे ज्यादा जदयू से 3 मंत्री हैं।
  • गांधी मैदान में 3 स्टेज बनाए गए।
  • बीजेपी ऑफिस के बाहर हरे राम-हरे कृष्ण का भजन-कीर्तन।
  • पटना में पोस्टर लगे- भगवामय, अंग, बंग और कलिंग।
  • PM मोदी के स्वागत के लिए बने मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम।

बीजेपी ने 3 चेहरों को ड्रॉप किया

सम्राट कैबिनेट में बीजेपी कोटे से 15 मंत्रियों ने शपथ ली है। इनमें 5 नए चेहरे हैं, वहीं तीन पुराने लोगों को इस बार मौका नहीं मिला। इनमें बीजेपी के सीनियर लीडर मंगल पांडेय, बेगूसराय के बछवाड़ा से विधायक सुरेंद्र मेहता और प. चंपारण से नारायण प्रसाद का नाम शामिल है। मंत्री पद नहीं मिलने के बाद मंगल पांडे को भाजपा संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी। पूर्व मंत्री नितिन नवीन की टीम में शामिल होंगे। खबर है कि मंगल पांडे को भाजपा का राष्ट्रीय महासचिव बनाया जा सकता है। साथ ही यूपी चुनाव में प्रभारी भी बनाए जा सकते हैं।