दैनिक सम्राट संवाददाता
बेंगलुरु (दलपतसिंह भायल)। जनता दल (यूनाइटेड) कर्नाटक के प्रदेश उपाध्यक्ष के.वी. शिवराम ने कथित गोल्ड फ्रॉड मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कई प्रभावशाली लोगों और राजनीतिक हस्तियों की संलिप्तता होने की आशंका है, जिसके कारण पीडि़तों को न्याय नहीं मिल पा रहा है।
जारी बयान में आरोप लगाया गया है कि एक गोल्ड कारोबारी ने लोगों को निवेश और सोने के आभूषणों का लालच देकर करोड़ों रुपए की ठगी की है। शिकायतों के बावजूद मामले में अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाए गए हैं। बयान में यह भी कहा गया है कि कुछ मौजूदा और पूर्व जनप्रतिनिधियों के परिवारों तक महंगे आभूषण पहुंचाए गए, जिससे राजनीतिक संरक्षण की आशंका और गहरी हो गई है।
के.वी. शिवराम ने कहा कि बड़ी संख्या में आम लोग अपनी जमा पूंजी गंवा चुके हैं और कई परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस विभाग से मांग की कि मामले की जांच किसी विशेष एजेंसी से कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतकर्ताओं पर दबाव बनाने और मामले को दबाने की कोशिश भी की जा रही है। ऐसे में सरकार को पीडि़तों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो जनता का कानून व्यवस्था और शासन से विश्वास उठ जाएगा।
जेडी (यू) नेता ने सरकार से मांग की कि पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच कराकर पीडि़त निवेशकों को न्याय दिलाया जाए तथा इस घोटाले से जुड़े सभी लोगों की भूमिका सार्वजनिक की जाए।
जेडी (यू) नेता ने उठाया गोल्ड फ्रॉड का मामला, निष्पक्ष जांच की मांग
जेडी (यू) नेता ने उठाया गोल्ड फ्रॉड का मामला, निष्पक्ष जांच की मांग