Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
11 अप्रैल 2026
Epaper

भीनमाल की बिगड़ती सूरत, दीवारों पर ‘विज्ञापन कब्जा’, जिम्मेदार खामोश

भीनमाल की बिगड़ती सूरत, दीवारों पर ‘विज्ञापन कब्जा’, जिम्मेदार खामोश
भीनमाल की बिगड़ती सूरत, दीवारों पर ‘विज्ञापन कब्जा’, जिम्मेदार खामोश

दैनिक सम्राट संवाददाता
भीनमाल (विक्रम राठी)।
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के दावे भले ही कागजों में चमक रहे हों, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है। शहर के प्रमुख मार्गों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थानों पर इन दिनों अव्यवस्था का आलम है। जगह-जगह दीवारों, बिजली के खंभों और सार्वजनिक संपत्तियों पर निजी स्कूलों के विज्ञापन बेखौफ तरीके से चिपकाए जा रहे हैं, जिससे शहर की सुंदरता लगातार बिगड़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, लेकिन पिछले कुछ समय से इसमें तेजी आई है। शहर के मुख्य बाजार, बस स्टैंड क्षेत्र और रिहायशी इलाकों तक में दीवारें पोस्टरों और बैनरों से पट चुकी हैं। इससे न केवल शहर की छवि खराब हो रही है, बल्कि स्वच्छता अभियान पर भी सवाल उठने लगे हैं।
प्रशासन की अनदेखी बनी चिंता का कारण: हैरानी की बात यह है कि इस पूरे मामले से प्रशासन अनजान नहीं है। नगर पालिका और संबंधित विभागों को कई बार शिकायतें भी दी गई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। इससे साफ है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या को लेकर उदासीन बने हुए हैं।
हादसों का भी बढ़ा खतरा: विशेषज्ञों और नागरिकों का मानना है कि यह केवल सुंदरता का ही नहीं, बल्कि सुरक्षा का भी मुद्दा है। तेज हवाओं के दौरान कई बार ये अवैध होर्डिंग और बैनर गिर जाते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा हो जाता है। पहले भी इस तरह की घटनाओं में लोग चोटिल हो चुके हैं।
स्वच्छता अभियान पर उठे सवाल: सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता और सौंदर्यीकरण अभियानों के बीच इस तरह की अव्यवस्था प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। एक ओर शहर को मॉडल सिटी बनाने की बात कही जाती है, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक संपत्तियों का इस तरह दुरुपयोग हो रहा है।
समय रहते कार्रवाई जरूरी: शहरवासियों का मानना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर सख्ती से रोक नहीं लगाई गई, तो भीनमाल की सुंदरता और व्यवस्था दोनों पर गंभीर असर पड़ेगा। प्रशासन को चाहिए कि ऐसे विज्ञापन लगाने वालों पर जुर्माना लगाए और शहर में एक तय व्यवस्था के तहत ही प्रचार-प्रसार की अनुमति दी जाए।