दैनिक सम्राट संवाददाता
सियाणा (रामसिंह महेचा)। निकटवर्ती गांव मायलावास से बागरा ब्लांक से दो प्रतिभाशाली बहिनें सागर कंवर सोलंकी और मनीषा कंवर सोलंकी ने एक बार फिर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘माय भारत बजट क्वेस्ट - राजस्थान यूथ डायलॉग’ में अपनी उत्कृष्ट बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए दोनों बहिनों ने राष्ट्रीय फाइनल में स्थान प्राप्त किया है।
गौरतलब है कि लगभग 12 लाख प्रतिभागियों में से चयनित होकर दोनों सगी बहिनों ने यह उपलब्धि हासिल की है, जो उनके ज्ञान, कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। सागर कंवर और मनीषा कंवर, छैल सिंह सोलंकी की सुपुत्री हैं और मायलावास (जालोर) की निवासी हैं।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में दोनों बहिनों का चयन देश के प्रधानमंत्री के साथ सीधे संवाद के लिए हुआ है। यह वर्चुअल संवाद कार्यक्रम 12 और 13 अप्रैल 2026 को जयपुर से आयोजित किया जाएगा, जिसमें दोनों बहिनें प्रधानमंत्री के समक्ष अपना विजऩ प्रस्तुत करेंगी।
इस ऐतिहासिक अवसर पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित प्रदेश के उपमुख्यमंत्री, खेल एवं युवा मामलों के मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे।
दोनों बहिनों की इस उपलब्धि से पूरे जिले, क्षेत्र और गांव में हर्ष का माहौल है। यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है। सागर कंवर और मनीषा कंवर निरंतर हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और उनकी यह उपलब्धि हजारों बालिकाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन गई है।
मायलावास की बेटियों का राष्ट्रीय मंच पर परचम, प्रधानमंत्री से करेंगी संवाद
मायलावास की बेटियों का राष्ट्रीय मंच पर परचम, प्रधानमंत्री से करेंगी संवाद