चेन्नई। तमिलनाडु में टीवीके चीफ सी. जोसेफ विजय रविवार को राज्य के 9वें मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10 बजे से होगा।
विजय ने शनिवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से लोकभवन में मुलाकात की और सरकार बनाने के लिए 121 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा। बहुमत साबित करने के लिए 118 विधायकों की जरूरत थी।
4 मई को आए चुनाव परिणाम में विजय की पार्टी को सबसे ज्यादा 108 सीटें मिली थीं। लेकिन यह बहुमत से 10 कम थीं। टीवीके को कांग्रेस के 5, सीपीआई और सीपीआई (एम) के 2-2 विधायकों का समर्थन 8 मई तक मिल चुका था।
शनिवार को वीसीके और आईयूएमएल ने टीवीके को अपने 2-2 विधायकों का समर्थन दिया। इधर, महाबलीपुरम स्थित फोर पॉइंट्स रिसॉर्ट के बाहर भारी सुरक्षा तैनात की गई है। यहां टीवीके के सभी विधायक ठहरे हुए हैं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने टीवीके चीफ विजय को मुख्यमंत्री नियुक्त कर सरकार बनाने का न्योता दिया है। राज्यपाल ने विजय को मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए 13 मई 2026 तक विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का निर्देश दिया है।
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 10 मई को सुबह 10 बजे चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा।