Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
18 मई 2026
Epaper

मैं उस राजनीति से नहीं हूं जिसमें ईष्र्या हो, विजय मेरे से छोटे, स्टालिन के साथ मेरी दोस्ती राजनीति से परे: अभिनेता रजनीकांत

मैं उस राजनीति से नहीं हूं जिसमें ईष्र्या हो, विजय मेरे से छोटे, स्टालिन के साथ मेरी दोस्ती राजनीति से परे: अभिनेता रजनीकांत
मैं उस राजनीति से नहीं हूं जिसमें ईष्र्या हो, विजय मेरे से छोटे, स्टालिन के साथ मेरी दोस्ती राजनीति से परे: अभिनेता रजनीकांत

नई दिल्ली। दिग्गज अभिनेता रजनीकांत ने रविवार को चेन्नई के पोइस गार्डन स्थित अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। हाल ही में तमिलनाडु चुनाव परिणामों के बाद एमके स्टालिन से उनकी मुलाकात को लेकर हो रही आलोचनाओं के बीच, रजनीकांत ने अपनी राजनीतिक स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट किया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रजनीकांत ने कहा कि जब उन्होंने पहली बार विजय के मुख्यमंत्री बनने की खबर सुनी तो वह बेहद हैरान रह गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अब राजनीति में सक्रिय नहीं हैं और कई साल पहले ही इससे दूरी बना चुके हैं।

रजनीकांत ने अपने और विजय के बीच उम्र के फासले का जिक्र करते हुए कहा कि जब मैंने सुना कि विजय मुख्यमंत्री बन गए हैं, तो मुझे गहरा धक्का लगा था। मैं राजनीति में नहीं हूं, मुझे राजनीति से दूर गए लंबा समय बीत चुका हैं।

विजय और मेरे बीच 28 साल की उम्र का अंतर है। यहां विजय ने राज्य की दो बड़ी पार्टियों के खिलाफ खड़े होकर स्वतंत्र रूप से अपनी पहचान बनाई है और जीत हासिल की है।

आलोचनाओं का जवाब देना क्यों था जरूरी?

सुपरस्टार ने कहा कि उन्हें इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को बुलाने का फैसला इसलिए लेना पड़ा क्योंकि उनके राजनीतिक रुख और एमके स्टालिन के साथ हुई मुलाकात को लेकर लगातार आलोचनाएं की जा रही थीं। अगर वह चुप रहते, तो इन बातों को सच मान लिया जाता।

उन्होंने कहा कि मैं यह प्रेस मीट इसलिए आयोजित कर रहा हूँ क्योंकि चुनाव को लेकर मेरे बारे में कई तरह की आलोचनाएं की जा रही हैं। अगर मैं इनका जवाब नहीं दूंगा, तो लोग इन्हें ही सच मान बैठेंगे।

स्टालिन के साथ मेरी दोस्ती राजनीति से परे

चुनाव नतीजों के बाद द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन से अपनी मुलाकात का बचाव करते हुए रजनीकांत ने कहा कि उनका रिश्ता कभी भी राजनीति के तराजू में नहीं तोला जा सकता।

दिग्गज अभिनेता ने भावुक होते हुए कहा कि हमारी दोस्ती राजनीति से परे है। मुझे इस बात का गहरा दुख था कि एमके स्टालिन को कोलाथुर सीट से हार का सामना करना पड़ा। रजनी इतना सस्ता या निम्न स्तर का व्यक्ति नहीं है कि वह किसी और चीज़ के बारे में अनावश्यक या घटिया बातें करे।

जलन के आरोपों को नकारा

विजय के मुख्यमंत्री बनने पर अपनी प्रतिक्रिया को लेकर हो रही आलोचनाओं का भी रजनीकांत ने खुलकर जवाब दिया। एयरपोर्ट पर बधाई न देने के दावों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि वह सोशल मीडिया पर पहले ही अपनी शुभकामनाएं दे चुके थे।

रजनीकांत ने कहा कि ऐसा कहा गया कि मैंने एयरपोर्ट पर विजय को बधाई नहीं दी। जबकि जैसे ही वह जीते मैंने एक्स पर अपनी बधाई पोस्ट कर दी थी। मैं राजनीति में नहीं हूं, मैं पहले ही राजनीति छोड़ चुका हूं। जब मैं इस मैदान में हूं ही नहीं, तो मुझे उनसे जलन क्यों होगी? जो जिसके भाग्य में लिखा है, वह होकर रहेगा, और जो नहीं लिखा है, वह कभी नहीं होगा।"