दैनिक सम्राट संवाददाता
हिण्डौन सिटी (ओमप्रकाश सुमन)। करौली-सवाई माधोपुर-दौसा जिले के जाटव समाज के एकल नेतृत्वकारी संगठन जिला जाटव समाज सुधार समिति, हिण्डौन सिटी का शपथ ग्रहण कार्यक्रम रविवार को बयाना रोड स्थित रोशनी बंधन मैरिज गार्डन में आयोजित हुआ।
समारोह मुख्य अतिथि एवं शपथ प्रशासक कार्मिक विभाग के संयुक्त शासन सचिव दाताराम ने 31 सदस्यीय केंद्रीय कार्यकारिणी एवं 13 तहसील अध्यक्षों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समाज सेवा, संगठन मजबूती, शिक्षा प्रसार, सामाजिक एकता तथा संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संयुक्त शासन सचिव दाताराम ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर चलते हुए समाज में शिक्षा, संगठन और सुधार को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही समाज में फैली कुरीतियों, नशाखोरी, फिजूलखर्ची और सामाजिक बुराइयों को जड़ से समाप्त करने की बात कही। विशिष्ट अतिथि विधायक अनीता जाटव ने भी सामाजिक सुधार पर जोर दिया। समिति के अध्यक्ष हट्टीराम ठेकेदार ने समिति द्वारा पूर्व निर्धारित सामाजिक सुधार के पाँच प्रमुख नियमों को मंच से दोहराया गया, जिनका सभी उपस्थित समाजबन्धुओं ने पूर्ण समर्थन किया। उन्होंने लग्न-भात, जामना एवं गोद भराई में कपड़ों की परंपरा पर पूर्ण पाबंदी लगाने, जाटव बस्तियों में अवैध शराब के ठेकों का पूर्ण बहिष्कार करने, दहेज जैसी कुप्रथाओं पर पूर्ण रोक लगाने, मृत्यु भोज में फिजूलखर्ची समाप्त कर केवल चाय-पानी की व्यवस्था को बढ़ावा देने, शादी के बाद समदोरा प्रथा पर पूर्ण पाबंदी लगाने के निर्णय पारित किए।
समिति के अध्यक्ष हट्टीराम ठेकेदार ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दिलाया।महासचिव शिव चरण जाटव ने समाज के शैक्षणिक उत्थान के लिए महत्वाकांक्षी प्रस्ताव रखा। उन्होंने आगामी समय में 13 तहसीलों में 13 लाइब्रेरी खोलने का ऐलान किया और सभी तहसील अध्यक्षों को इस अभियान को गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए। मंच संचालन मनोज देवत एवं मदन मोहन जाटव द्वारा किया गया।
हिण्डौन में जिला जाटव समाज सुधार समिति का हुआ शपथ ग्रहण समारोह, सामाजिक सुधार के पांच नियमों पर लिया गया संकल्प
हिण्डौन में जिला जाटव समाज सुधार समिति का हुआ शपथ ग्रहण समारोह, सामाजिक सुधार के पांच नियमों पर लिया गया संकल्प