दैनिक सम्राट संवाददाता
जयपुर। राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर जारी है। दौसा के लालसोट, कोटपूतली-बहरोड़ के नारायणपुर क्षेत्र में 20 मिनट तक ओले गिरे। अलवर जिले के मालाखेड़ा क्षेत्र और हनुमानगढ़ के रावतसर में भी ओले गिरे। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मिलकपुर गांव में आंधी से कई पेड़ गिर गए। झुग्गी-झोपडिय़ां तक उड़ गईं। दौसा जिले के मानपुर में करीब 1 घंटे तक अंधड़ के साथ बारिश और ओले गिरे। जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर मानपुर चौराहे के पास पेड़ टूटकर गिर गया। इसके कारण करीब 40 मिनट तक ट्रैफिक जाम रहा।
दौसा के मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र में भी ओले गिरे। जयपुर में हवामहल के सामने पेड़ गिर गया, जिसके कारण ट्रैफिक बाधित हो गया। जैसलमेर जिले में हीटवेव को देखते हुए 8वीं तक के स्कूलों का समय बदला गया है।
मौसम के इस बदलाव से प्रदेश में अधिकांश शहरों का तापमान 40 डिग्री से नीचे चला गया और लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 19 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 70 किमी की स्पीड तक तेज हवा चलने की आशंका है।
अलग-अलग हादसों में 3 लोगों की मौत
जयपुर: जयसिंहपुरा खोर में शनिवार देर शाम अंधड़ में एक हाईटेंशन लाइन टूट गई। एक बाइक सवार युवक युनुस इसकी चपेट में आ गया। करंट के कारण वो जिंदा जल गया।
टोंक: दूनी तहसील के ज्योतिपुरा में बकरी लेने गए बुजुर्ग पर पेड़ गया। शनिवार देर रात हुए हादसे में बुजुर्ग बुरी तरह घायल हो गया। हॉस्पिटल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अजमेर: शनिवार रात 3 बजे लोहागल में बीपीएल आवास योजना का एक क्वार्टर ढह गया। हादसे पति-पत्नी मलबे में दब गए। महिला सोनू की मौत हो गई, जबकि दीपक घायल है।
दौसा: महवा के सालिमपुर गांव में आंधी-तूफान के बीच एक कच्चे घर में आग लग गई। हादसे में 18 बकरियां जल गईं। आग बुझाने के प्रयास में परिवार के 4 लोग झुलस गए। वहीं, सिकंदरा के बुड़ली गांव में एक मकान की टीनशेड की दीवार ढह गई। हादसे में एक महिला घायल हो गई।
इसी तरह यूपी, बिहार, हरियाणा और उत्तराखंड समेत देश के कई राज्यों में रविवार सुबह से बारिश हो रही है। उत्तराखंड के देहरादून में सुबह से तेज बारिश हो रही है। बारिश से पहले पूरा शहर काले घने बादलों से घिर गया। इससे दिन में शाम जैसा माहौल हो गया। हरियाणा के अंबाला में भी बारिश हुई, जिससे कई कॉलोनियों में पानी भर गया है।
देश के कई शहरों में अब भी हीटवेव की स्थिति है। महाराष्ट्र का वर्धा 44.5 डिग्री तापमान के साथ देश में सबसे सबसे गर्म रहा। चंद्रपुर में 44.4 डिग्री पारा रहा। राजस्थान के जैसलमेर में 44.4 डिग्री और बाड़मेर में 44.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।