प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों ने की अपील: विश्व में ऊर्जा संकट, भारत में तेल के कुएं नहीं; आज वर्क फ्रॉम होम की जरूरत, एक साल तक सोना न खरीदें
बेंगलुरू/हैदराबाद। वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल, गैस, डीजल और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों का संयम से इस्तेमाल करने की अपील की है। पीएम ने रविवार को कहा कि आज के समय में पेट्रोल, गैस और डीजल का इस्तेमाल कम करना होगा। पड़ोस में चल रहे युद्ध के असर से दुनियाभर में पेट्रोल-डीजल के दाम कई गुना बढ़ गए हैं।
पीएम ने हैदराबाद में भाजपा की रैली में कहा- भारत पर इस वैश्विक संकट का असर ज्यादा है, हमारे पास तेल के बड़े कुएं नहीं हैं। आज हमें वर्क फ्रॉम होम जैसे उपायों की जरूरत है। जिन शहरों में मेट्रो है, वहां लोग मेट्रो का इस्तेमाल करें।
उन्होंने कहा कि पहले जब युद्ध होता था लोग सोना दान में दे देते थे। आज दान की जरूरत नहीं है लेकिन हमें आज ये संकल्प लेना होगा कि अगले 1 साल तक कोई भी कार्यक्रम हो, सोना न खरीदें। इससे विदेशी मुद्रा भी बचेगी।
तेलंगाना में लगभग 9,400 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का डिजिटली शिलान्यास एवं उद्घाटन करने और भाजपा की एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने रविवार को कहा कि आयातित पेट्रोलियम उत्पादों का उपयोग केवल आवश्यकता के अनुसार किया जाना चाहिए। इससे न केवल विदेशी मुद्रा की बचत होगी, बल्कि युद्ध के प्रतिकूल प्रभाव को भी कम किया जा सकेगा।
पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए मेट्रो और कार पूलिंग अपनाएं
पीएम मोदी ने कहा कि देशहित में जरूरत पडऩे पर फिर से वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मौजूदा संकट में विदेशी मुद्रा बचाने पर विशेष जोर देना होगा। दुनिया में पेट्रोल-डीजल और फर्टिलाइजर की कीमतें बहुत बढ़ चुकी हैं, लेकिन हमारी सरकार पिछले दो महीनों से इसका बोझ खुद उठा रही है। प्रधानमंत्री ने लोगों से पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन शहरों में मेट्रो सुविधा है, वहां लोग मेट्रो का ज्यादा इस्तेमाल करें। साथ ही कार पूलिंग अपनाकर ज्यादा लोगों के साथ यात्रा करें, ताकि ईंधन की खपत और विदेशी मुद्रा पर खर्च कम हो सके।
कांग्रेस ने डीएमके की पीठ में छुरा घोंपा
पीएम ने बेंगलुरू में कहा कि कांग्रेस पार्टी सिर्फ धोखा देना जानती है। कांग्रेस खुद झूठ बोलती है और उसकी गारंटियां भी झूठी होती हैं। कर्नाटक में पिछले तीन साल से यही स्थिति देखने को मिल रही है। कांग्रेस और डीएमके के बीच पिछले 25-30 साल से करीबी संबंध रहे हैं। लेकिन जैसे ही सत्ता का समीकरण बदला, कांग्रेस ने पहले ही मौके पर डीएमके की पीठ में छुरा घोंप दिया।
जनता अब वंशवाद नहीं, विश्वासवाद चुन रही
नरेंद्र मोदी ने सिकंदराबाद की जनसभा में कहा- असम से ओडिशा और बंगाल से पुडुचेरी तक भाजपा का विस्तार सिर्फ चुनावी जीत नहीं, बल्कि देश की राजनीतिक सोच में आए बदलाव का संकेत है। जनता अब वंशवाद और परिवारवाद नहीं, विश्वासवाद चुन रही है। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले असम में भाजपा के कुछ ही विधायक थे, लेकिन आज वहां तीसरी बार एनडीए सरकार बनी है। 10 साल पहले बंगाल में भाजपा के सिर्फ 3 विधायक थे, आज पार्टी 200 के पार पहुंच चुकी है। जहां कभी भाजपा का झंडा उठाने वाला कोई नहीं था, वहां आज भाजपा की सरकारें बन रही हैं।
पीएम मोदी गुजरात पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 और 11 मई को गुजरात दौरे पर हैं। इस दौरे के दौरान वे सबसे पहले ज्योतिर्लिंग सोमनाथ, जामनगर और सांस्कृतिक शहर वडोदरा जाएंगे। मंत्री अर्जुन मोढवाडिया, मंत्री रिवाबा जडेजा ने स्वागत किया।
पेट्रोल-डीजल का उपयोग कम करें, दुनिया में कई गुना दाम बढ़े: मोदी
पेट्रोल-डीजल का उपयोग कम करें, दुनिया में कई गुना दाम बढ़े: मोदी