Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
13 मई 2026
Epaper

ईरान ने अमरीका को धमकाया: अमेरिकी सेना और उसके जहाजों की होर्मुज में कब्रगाह बना देंगे

ईरान ने अमरीका को धमकाया: अमेरिकी सेना और उसके जहाजों की होर्मुज में कब्रगाह बना देंगे
ईरान ने अमरीका को धमकाया: अमेरिकी सेना और उसके जहाजों की होर्मुज में कब्रगाह बना देंगे

ईरान के सीनियर अधिकारी मोहसिन रजाई ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को अमेरिकी सेना की कब्रगाह बना दिया जाएगा। मोहसिन रजाई पहले ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) में कमांडर रह चुके हैं।

उन्होंने अमेरिकी सेना को समुद्री लुटेरा (पाइरेट) बताते हुए कहा कि अमेरिका दुनिया का इकलौता ऐसा पाइरेट है जिसके पास एयरक्राफ्ट कैरियर हैं।

रजाई ने पिछले महीने इस्फहान में एक अमेरिकी F-15E विमान गिराए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे उस विमान का मलबा पड़ा था, वैसे ही अमेरिकी जहाजों और सैनिकों का भी अंजाम हो सकता है।

वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चेतावनी दी है कि ईरान ने कोई गलती की, तो उस पर फिर से हमले हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका फिलहाल मजबूत स्थिति में है, जबकि तेहरान दबाव में है और समझौता करना चाहता है।

इसके अलावा ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर बताया कि पाकिस्तान की मध्यस्थता में ईरान की ओर से 14-पॉइंट का प्रस्ताव मिला है, जिसके डिटेल ड्राफ्ट का इंतजार है। इस नए प्रस्ताव का हम रीव्यू भी कर रहे है।

ईरान के 14-पॉइंट प्रस्ताव में कई मुद्दे शामिल

ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह 14-पॉइंट का प्रस्ताव अमेरिका के 9-पॉइंट प्लान के जवाब में भेजा गया है।

इसमें 30 दिनों के भीतर सभी मुद्दों के समाधान, भविष्य में हमलों के खिलाफ गारंटी, क्षेत्र से अमेरिकी सैनिकों की वापसी, फ्रीज किए गए ईरानी एसेट्स को रिलीज करने, प्रतिबंध हटाने और युद्ध के मुआवजे की मांग शामिल है।

इसके अलावा प्रस्ताव में होर्मुज स्ट्रेट को लेकर नया मैकेनिज्म बनाने, अमेरिकी नेवल नाकेबंदी खत्म करने और क्षेत्रीय संघर्षों को समाप्त करने की बात भी कही गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, समझौते के बाद परमाणु कार्यक्रम पर अलग से बातचीत का प्रस्ताव भी रखा गया है।

अमेरिका में पेट्रोल महंगा, ₹100 प्रति लीटर के करीब

अमेरिका में पेट्रोल की कीमत बढ़कर करीब 4.45 डॉलर (370 रुपए) प्रति गैलन (3.78 लीटर) हो गई है। यह कीमत पिछले हफ्ते से करीब 34 सेंट (28 रुपए) ज्यादा है। यानी पेट्रोल की कीमत लगभग 97 रुपए से 100 रुपए प्रति लीटर के आसपास है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 28 फरवरी से अब तक पेट्रोल की कीमत करीब 1.47 डॉलर (122 रुपए) बढ़ चुकी है। युद्ध की वजह से दुनिया में तेल की सप्लाई कम हो गई है, जिससे कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं।

कैलिफोर्निया में पेट्रोल और भी महंगा हो गया है, जहां इसकी कीमत करीब 6.10 डॉलर (506 रुपए) प्रति गैलन तक पहुंच गई है।

डीजल की कीमत भी बढ़कर करीब 5.64 डॉलर (468 रुपए) प्रति गैलन हो गई है, जो पहले करीब 3.76 डॉलर थी।

स्पेन ने इजराइल से अपने नागरिक को रिहा करने की मांग की

स्पेन ने इजराइल से अपने एक नागरिक को तुरंत छोड़ने की मांग की है। इस व्यक्ति को उस समय पकड़ा गया था, जब वह गाजा की मदद के लिए जा रहे जहाज पर था। इजराइल की अदालत ने उसकी हिरासत 2 दिन और बढ़ा दी है।

स्पेन का कहना है कि उसे गलत तरीके से पकड़ा गया है। इस व्यक्ति का नाम सैफ अबू केशेक है। कोर्ट में सुनवाई के दौरान स्पेन का एक अधिकारी भी उसके साथ था।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, उसके साथ एक ब्राजील का व्यक्ति भी पकड़ा गया है और दोनों को अभी हिरासत में रखा गया है।

मिडिल ईस्ट की तरफ अमेरिकी सैन्य विमानों की एक्टिविटी बढ़ी

मिडिल ईस्ट की तरफ अमेरिकी सेना के विमानों की आवाजाही अचानक बढ़ गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को यूरोप से मिडिल ईस्ट की ओर जाने वाले अमेरिकी सैन्य विमानों की संख्या में काफी बढ़ोतरी देखी गई।

एक फ्लाइट ट्रैकिंग ऐप के मुताबिक, शनिवार को यूरोप से कई अमेरिकी विमान इस इलाके की तरफ जाते हुए देखे गए। यह आम दिनों से ज्यादा है।

ज्यादातर विमान ट्रांसपोर्ट और ईंधन भरने वाले हैं। इनमें C-17A ग्लोबमास्टर III जैसे बड़े कार्गो विमान शामिल हैं, जो करीब 77 टन सामान और लगभग 100 सैनिकों को एक साथ ले जा सकते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, कम से कम 12 ऐसे विमान मिडिल ईस्ट की ओर भेजे गए, जिनमें से कुछ जर्मनी से उड़ान भरे।

ईरान के शांति प्रस्ताव पर ट्रम्प को भरोसा नहीं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के नए शांति प्रस्ताव की समीक्षा करने की बात कही है, लेकिन इसकी सफलता पर संदेह जताया। उन्होंने कहा कि ईरान ने अभी तक अपने अपराधों की कीमत नहीं चुकाई है।

ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा कि वे ईरान के भेजे गए प्रस्ताव को जल्द देखेंगे, लेकिन इसके स्वीकार होने की संभावना कम है। उनका कहना है कि पिछले 47 साल में ईरान ने जो किया, उसके लिए उसे बड़ी कीमत चुकानी बाकी है।

दरअसल ईरान की एजेंसियों के मुताबिक, तेहरान ने पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को 14-पॉइंट प्रस्ताव भेजा है। इसमें सभी मोर्चों पर संघर्ष खत्म करने और होर्मुज स्ट्रेट के लिए नया फ्रेमवर्क बनाने की बात शामिल है।