अमेरिका के जॉर्जिया में शादी के कुछ घंटों बाद भारतीय मूल के पायलट की हेलिकॉप्टर हादसे में मौत हो गई। उनकी पत्नी घायल हो गईं और करीब 6 घंटे तक मलबे में फंसी रहीं।
डेव फिजी और जेस्नी की शादी 29 मई को डॉसनविल के 'द रिवेरे' वेडिंग वेन्यू में हुई थी। समारोह में करीब 400 मेहमान शामिल हुए थे। नवविवाहित जोड़ा शादी के बाद हेलिकॉप्टर से अटलांटा के लिए रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
अमेरिका की नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) इस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, एजेंसी ने अभी तक दुर्घटना की वजह नहीं बताई है। शुरुआती जांच रिपोर्ट अगले 30 दिनों में आने की उम्मीद है।
मौसम को लेकर पहले ही चिंता जताई थी
हादसे से पहले डेव ने खराब मौसम को लेकर चिंता जताई थी। उनके पिता ने बताया कि शादी खत्म होने तक इलाके में घना कोहरा और बारिश हो रही थी, जिससे साफ देख पाना मुश्किल हो गया था।
परिवार के मुताबिक, डेव ने हेलिकॉप्टर पायलट से कहा था कि ऐसी स्थिति में उड़ान नहीं भरनी चाहिए। हालांकि पायलट ने भरोसा दिलाया कि वह ज्यादा ऊंचाई पर उड़ान भरेगा, जिसके बाद यात्रा जारी रखी गई।
घने जंगल में गिरा हेलिकॉप्टर
उड़ान भरने के कुछ समय बाद हेलिकॉप्टर डॉसनविल के पास जंगल वाले इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घने पेड़ों और कठिन भूभाग के कारण राहत दलों को दुर्घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय लगा।
डेव के पिता जॉर्ज फिजी ने बताया कि हेलिकॉप्टर का मलबा खोजने में कई घंटे लग गए। इसी वजह से बचाव अभियान भी देर से शुरू हो सका।

भारतीय मूल के पायलट डेव फिजी की जेस्नी के साथ 29 मई को शादी हुई।

डेव फिजी और जेस्नी के शादी समारोह में 400 से ज्यादा मेहमान शामिल हुए थे।
पिता बोले- मेरा बेटा जिंदगी के सबसे खुश दिन पर था
डेव के पिता जॉर्ज फिजी ने बताया कहा, "मेरा बेटा बहुत खुश था। मैं उसे देख रहा था और उसकी खुशी महसूस कर रहा था। वह बेहद हैंडसम लग रहा था।"
जॉर्ज के मुताबिक, डेव और जेस्नी की दोस्ती चर्च के जरिए हुई थी। दोनों परिवारों का संबंध अमेरिकी राज्यों साउथ कैरोलीना और जॉर्जिया के चर्च समुदायों से रहा है। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और दोनों ने जीवनसाथी बनने का फैसला किया।
डेव बचपन का सपना पूरा कर पायलट बना था
परिवार के मुताबिक, डेव फिजी बचपन से ही पायलट बनना चाहता था। उसने कड़ी मेहनत से अपना सपना पूरा किया और बाद में डेल्टा एयर लाइंस में फर्स्ट ऑफिसर बना।
डेव को उड़ान और विमानों से बेहद लगाव था। परिवार ने बताया कि वह एक अनुशासित, जिम्मेदार और अपने काम के प्रति समर्पित पायलट था।