दैनिक सम्राट
नई दिल्ली/ वॉशिंगटन डीसी। डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ करते हुए कहा है कि भारत जब भी चाहे, अमेरिका और वह खुद उसके साथ खड़े रहेंगे। अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने को लेकर नई दिल्ली में रविवार को भारत मंडपम कन्वेंशन सेंटर में हुए कार्यक्रम को उन्होंने फोन पर संबोधित किया।अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने ट्रम्प को फोन करके स्पीकर ऑन किया।
ट्रम्प ने कहा- मैं पीएम मोदी का बहुत बड़ा फैन हूं। भारत मुझ पर 100 फीसदी भरोसा कर सकता है। अगर उन्हें कभी मदद की जरूरत पड़े, तो उन्हें पता है कि कहां फोन करना है। वे यहीं फोन करते हैं। ट्रम्प ने मार्को रूबियो से कहा- मुझे भारत और प्रधानमंत्री से प्यार है। मोदी महान हैं। वह मेरे दोस्त हैं। पीएम मोदी को मेरी तरफ से नमस्ते कहिए।
ट्रम्प ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा- मार्को सबसे बेहतरीन हैं। वह अमेरिका के इतिहास के सबसे महान विदेश मंत्री के रूप में याद किए जाएंगे।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने रविवार को ही राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल से मुलाकात की। बैठक में आतंकवाद, रक्षा सहयोग, चीन-पाकिस्तान से जुड़ी चुनौतियों, तेल-गैस और क्रिटिकल मिनरल्स जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
अमेरिकी राजदूत बोले- ट्रम्प हमेशा मोदी के बारे में पूछते हैं
अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि जब भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प उनसे बात करते हैं, तो सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी के बारे में पूछते हैं। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका का रिश्ता नया नहीं, बल्कि मजबूत भरोसे पर टिका है। गोर ने कहा कि अमेरिका फस्र्ट का मतलब सिर्फ अमेरिका नहीं है। दोनों देश मिलकर ऐसे मौके तलाश रहे हैं, जिनसे दोनों को फायदा हो। उन्होंने बताया कि भारत में अमेरिकी दूतावास ने इस साल रिकॉर्ड 20.5 अरब डॉलर का निवेश अमेरिका में लाने में मदद की है।
अमेरिकी विदेश मंत्री बोले- भारत-अमेरिका में ट्रेड डील जल्द
मार्को रुबियो ने रविवार को कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्तों की रफ्तार धीमी नहीं पड़ी है और दोनों देशों के बीच जल्द ही व्यापार समझौता होने की उम्मीद है। भारत दौरे के दूसरे दिन रूबियो ने विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बातचीत की। उन्होंने अब तक के अपने भारत दौरे को शानदार बताया। रुबियो का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक और कूटनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है। इसकी बड़ी वजह राष्ट्रपति ट्रम्प की टैरिफ नीति है, जिसके तहत कई भारतीय उत्पादों पर शुल्क बढ़ाया गया है।
जयंशकर बोले- आतंकवाद के खिलाफ नरमी नहीं बरती जाए
कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि आज के समय में भारत और अमेरिका के रिश्ते बहुत महत्वपूर्ण हो गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने दोनों देशों की साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा तय की है। इससे भारत और अमेरिका दोनों के लोगों को फायदा होगा और दुनिया में भी अच्छा मैसेज जाएगा। जयशंकर ने कहा कि भारत और अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को लेकर जीरो टॉलरेंस यानी बिल्कुल भी नरमी नहीं होनी चाहिए।
ट्रम्प बोले- मैं मोदी का बहुत बड़ा फैन, भारत मुझ पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकता है
ट्रम्प बोले- मैं मोदी का बहुत बड़ा फैन, भारत मुझ पर 100 प्रतिशत भरोसा कर सकता है