पश्चिम में राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र-विदर्भ से लेकर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत 8 राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं। इन इलाकों में पारा लगातार 40°C से ऊपर चल रहा है। दिन के साथ रातें भी गर्म हो रही हैं।
शनिवार को महाराष्ट्र के अमरावती और वर्धा देश के सबसे गर्म शहर रहे। दोनों शहरों का तापमान 46°C रिकॉर्ड हुआ। यूपी के बांदा, मध्य प्रदेश का नौगांव और खंडवा में भी पारा 44°C से ज्यादा रहा।
इधर, गुजरात के एकता नगर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास बनी जंगल सफारी (सरदार पटेल जूलॉजिकल पार्क) में जानवरों और पक्षियों के लिए AC, कूलर और स्प्रिंकलर लगाए गए हैं।
वडोदरा के सायाजीबाग जूलॉजिकल पार्क ने जानवरों और पक्षियों को गर्मी से बचाने के लिए ठंडक के कई इंतजाम किए हैं। इनमें पानी का छिड़काव, बर्फ के टुकड़े, फॉगर शामिल हैं।

जयपुर में नगर निगम की एंटी-स्मॉग गन से सड़कों पर पानी की फुहारें छोड़ी गईं।
18 मई:
- बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट है।
- राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट है। रातें भी गर्म रहेंगी। छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी हीटवेव चलेगी।
- असम, मेघालय, केरलम, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश का अनुमान है।
19 मई:
- उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर भीषण लू चल सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर भी लू चलने की आशंका है।
- असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी में कुछ जगहों पर 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं चलेंगी।
- झारखंड में कुछ जगहों पर 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। अरुणाचल प्रदेश में बिजली गिरने की आशंका है।
देशभर में मौसम की 4 तस्वीरें…

हैदराबाद में एक शख्स ने तपती धूप से बचने के लिए साइकिल पर ही छपरी लगा ली।

प्रयागराज में हीटवेव के कारण स्कूटी पर सवार बच्चे अपने हाथ और कपड़े से चेहरा ढंकते दिखे।

बीकानेर में गर्मी से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मी गमछे से चेहरा ढककर ड्यूटी करता दिखा।