जयपुर में दो दिन नहीं आएगा बिसलपुर का पानी, 29 और 30 मार्च को होगी पानी की कटौती, बीसलपुर लाइन की मरम्मत के चलते सप्लाई रहेगी बंद
जयपुर। बीसलपुर-जयपुर पानी सप्लाई लाइन में मरम्मत का काम होने के कारण शहर में 29 और 30 मार्च को पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) ने इसके लिए शटडाउन तय किया है, जिससे गर्मी के मौसम से पहले जल आपूर्ति सिस्टम को बेहतर किया जा सके।
मरम्मत के कारण 29 मार्च को पूरे शहर में सप्लाई बंद रहेगी, जबकि 30 मार्च को सुबह सप्लाई नहीं होगी और शाम के समय आंशिक सप्लाई दी जाएगी। वहीं विभाग का कहना है कि 31 मार्च से पानी सप्लाई फिर से सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएगी।
सूरजपुरा पम्पिंग स्टेशन 24 घंटे रहेगा बंद
अतिरिक्त मुख्य इंजीनियर अजय सिंह राठौड़ ने बताया- 28 मार्च शाम 8 बजे से 29 मार्च शाम 8 बजे तक सूरजपुरा पम्पिंग स्टेशन बंद रहेगा। इसी शटडाउन के कारण शहर की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होगी। 29 मार्च को पूरे शहर में पानी नहीं आएगा। 30 मार्च की सुबह भी पानी सप्लाई बंद रहेगी, जबकि शाम को कुछ इलाकों में थोड़ी सप्लाई शुरू हो सकती है। 31 मार्च से सप्लाई फिर से सामान्य हो जाएगी।
विभाग के अनुसार यह मरम्मत कार्य नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। गर्मी के मौसम में पानी की मांग बढ़ने से पहले सिस्टम को मजबूत करने के लिए यह काम किया जा रहा है, ताकि आगे सप्लाई में बार-बार रुकावट न आए। विभाग का कहना है कि यह काम जरूरी है, ताकि गर्मी में पानी की कमी या दिक्कत न हो और सप्लाई लगातार चलती रहे।
विभाग ने शहरवासियों से अपील की है कि वे तय तारीखों को ध्यान में रखते हुए पहले से पर्याप्त पानी का संग्रहण कर लें। साथ ही इस दौरान पानी का उपयोग सोच-समझकर करें, ताकि परेशानी कम हो सके।