Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
13 मई 2026
Epaper

कुब्बन पार्क में आज से शुरू हुआ राज्य स्तरीय आम और कटहल मेला-2026

कुब्बन पार्क में आज से शुरू हुआ राज्य स्तरीय आम और कटहल मेला-2026
कुब्बन पार्क में आज से शुरू हुआ राज्य स्तरीय आम और कटहल मेला-2026

दैनिक सम्राट संवाददाता
बेंगलुरु(दलपतसिंह भायल)।
बागवानी विभाग और कर्नाटक राज्य आम विकास एवं विपणन निगम लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय आम और कटहल मेला-2026 का शुभारंभ आज 8 मई से बेंगलुरु के कुब्बन पार्क में हुआ। यह दस दिवसीय मेला 17 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
मेले का उद्घाटन कर्नाटक राज्य आम विकास एवं विपणन निगम लिमिटेड के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. बी.सी. मुद्दुगंगाधर ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, उपभोक्ता और बागवानी क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
कर्नाटक में लगभग 1.45 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में आम की खेती की जाती है। हालांकि इस वर्ष प्रतिकूल जलवायु परिस्थितियों के कारण आम की पैदावार कम रहने की संभावना जताई गई है। फूल आने में देरी और विभिन्न क्षेत्रों में फसल की अलग-अलग विकास अवस्थाओं के कारण बाजार में आम की आवक देर से होने और उपलब्धता की अवधि अधिक रहने की उम्मीद है।
मेले में उपभोक्ताओं को किसानों से सीधे प्राकृतिक रूप से पके हुए और कार्बाइड-मुक्त फल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित कर उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
प्रदर्शनी-सह-बिक्री मेले में बादामी, मल्लिका, सेंदुरा, रसपुरी, करी इशाद और चलती जैसी आम की प्रसिद्ध किस्में उपलब्ध हैं। वहीं कटहल की रुद्राक्षी, शिवरात्रि, एकादशी और टूबगेरे लालबाग मधुरा जैसी विशेष किस्में भी बिक्री के लिए रखी गई हैं। उत्तर कन्नड़ जिले का जीआई-टैग प्राप्त करी इशाद आम भी मेले का प्रमुख आकर्षण बना हुआ है। अचार बनाने के लिए उपयुक्त कच्चे आम भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
रामनगर, मांड्या, तुमकुर और उत्तर कन्नड़ जिलों के किसान इस मेले में भाग ले रहे हैं। आम उत्पादकों के लिए 50 स्टॉल तथा कटहल उत्पादकों के लिए 7 स्टॉल लगाए गए हैं।