चेन्नई थर्मल पावर प्लांट में बड़ा हादसा, स्टील आर्चर गिरने से 9 लोगों की गई जान, पीएम ने जताया शोक

चेन्नई थर्मल पावर प्लांट में बड़ा हादसा, स्टील आर्चर गिरने से 9 लोगों की गई जान, पीएम ने जताया शोक

चेन्नई के एन्नोर इलाके में थर्मल पॉवर प्लांट में हुए हादसे में 9 निर्माण मज़दूरों की मौत हो गई है और दो घायल हो गए, सभी मजदूर उत्तर भारत से हैं। घायलों को स्टेनली मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, मजदूर काम कर रहे थे कि अचानक उनके ऊपर 30 फीट ऊंचाई से आर्च गिर गया जिससे अफरातफरी मच गई और इसमें दबकर नौ मजदूरों की मौत हो गई। ये सभी प्रवासी मजदूर बताए जा रहे हैं जो उत्तर भारत के रहने वाले हैं। मलबे में दबे हुए मजदूरों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया।

 

रिपोर्ट के मुताबिक, 4 मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं 5 अन्य मजदूरों ने इलाज के दौरान पास के अस्पताल में दम तोड़ दिया। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल हुए कई अन्य लोगों का इलाज जारी है।


अवाडी पुलिस आयुक्तालय ने एक बयान में कहा है घटना के कारणों का पता फिलहाल नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया, "उत्तरी चेन्नई थर्मल पावर स्टेशन के निर्माण स्थल पर आज एक दुखद दुर्घटना घटी। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार 10 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पीड़ितों को उत्तरी चेन्नई के स्टेनली सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। दुर्घटना का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है। बचाव अभियान जारी है और अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।"

 


प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे पर शोक जताया और मुआवजे का एलान किया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में प्रभावित परिवारों के साथ उनकी संवेदनाएं हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है। पीएम ने इसे दुखद और पीड़ादायक क्षण बताया

2 weeks, 4 days ago देश