Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
13 मई 2026
Epaper

गृह क्लेश से परेशान जज ने किया सुसाइड

गृह क्लेश से परेशान जज ने किया सुसाइड
गृह क्लेश से परेशान जज ने किया सुसाइड

जज खुद के साथ नहीं कर सका इंसाफ, पत्नी ने किया था पिता का अपमान
आईएएस साली पर भी परिजन ने लगाए आरोप; लव मैरिज की थी
दैनिक सम्राट संवाददाता
नई दिल्ली।
दिल्ली में सुसाइड करने वाले जज अमन कुमार शर्मा (30) पारिवारिक क्लेश से परेशान थे। सुसाइड से एक दिन पहले उन्होंने अलवर में रह रहे पिता को कॉल कर दिल्ली बुलाया था। इस दौरान जज ने पिता से कहा था कि ‘जिंदगी से परेशान हो गया हूं।’
जब जज अमन कुमार के पिता घर पहुंचे तो जज की पत्नी ने उनका अपमान किया और पुलिस बुलाने की धमकी दी। इससे आहत होकर अमन कुमार ने 2 मई को सुबह बाथरूम में फंदा लगाकर जान दे दी। अलवर शहर के हसन खां मेवात नगर निवासी जज अमन कुमार दिल्ली के कोर्ट में तैनात थे। उनकी पत्नी भी जज हैं। जज अमन कुमार दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में पत्नी के साथ रहते थे। उनके दो बच्चे हैं।
परिजनों ने अमन कुमार की साली पर गृह क्लेश बढ़ाने के आरोप लगाए हैं। जज की साली जम्मू-कश्मीर कैडर में आईएएस अफसर है। इधर, अलवर में रविवार सुबह 11 बजे जज अमन कुमार का अंतिम संस्कार किया गया। दिल्ली से 15 से 20 जज भी उनके अंतिम संस्कार में अलवर आए।
पहले अटेम्प्ट में बने थे जज
जज अमन कुमार का मूल गांव तिजारा का मुंडाना है। अमन कुमार पढ़ाई में बहुत होशियार थे। वे पहले ही प्रयास में जज बन गए थे। वे सोशल मीडिया से दूर रहते थे। उनका सोशल मीडिया पर कोई अकाउंट नहीं था।
जज की ट्रेनिंग के दौरान उनकी मुलाकात सोनीपत (हरियाणा) की रहने वाली युवती से हुई थी। दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया था। जब अमन ने यह बात पिता प्रेम कुमार को बताई तो वे तैयार हो गए। परिवार में किसी ने कोई आपत्ति नहीं जताई थी। साल 2021 में दोनों ने शादी कर ली थी। जानकारी के अनुसार- पिता प्रेम कुमार शर्मा ने बेटे अमन को दिल्ली के ग्रीन पार्क एरिया में करीब डेढ़ साल पहले 9 करोड़ का फ्लैट दिलाया था। वे दिल्ली में उनके घर आने वाले गांव के लोगों और दोस्तों का बहुत सम्मान करते थे।
पिता को फोन कर कहा था- जिंदगी से परेशान हूं
चचेरे भाई ने बताया- अमन शर्मा ने 1 मई की रात 10 बजे पिता एडवोकेट प्रेम कुमार शर्मा को फोन कर कहा था कि जिंदगी से परेशान हो चुका हूं। आप एक बार दिल्ली आ जाओ। बेटे के फोन करते ही पिता रात 1 बजे दिल्ली पहुंच गए थे।
अगले दिन 2 मई को सुबह बेटे से बातचीत की। तब अमन की पत्नी ने बात-बात में ससुर प्रेम कुमार से कहा कि आप यहां से चले जाओ, वरना पुलिस बुला लूंगी। खुद के सामने पिता का अपमान अमन को बर्दाश्त नहीं हुआ। उसने बाथरूम में जाकर सुसाइड कर लिया।
वहीं जज अमन कुमार की बहन के ससुर राजेश कुमार ने बताया- अमन ने पिता को फोन कर कहा था कि मुझे माफ कर दो। मेरा यह आखिरी कॉल है। घटना के बाद पिता प्रेम कुमार शर्मा ने दिल्ली पुलिस में पत्नी से प्रताडि़त होकर बेटे के सुसाइड करने की रिपोर्ट दी है। 

शादी के लिए आया था जज की बेटी का रिश्ता
परिवार के लोगों ने बताया- जब अमन कुमार का न्यायिक सेवा में चयन हुआ तो उनके पिता के पास बेटे के लिए जयपुर से रिश्ता आया था। एक जज की बेटी भी जज बन गई थी। उनके पिता अमन के लिए रिश्ता लेकर आए थे। तब अमन से पिता ने रिश्ते को लेकर बात की थी, लेकिन अमन ने कहा था कि वे अपनी मर्जी से शादी करेंगे।
अमन कुमार का एक छोटा भाई है। परिवार के लोगों ने बताया- अमन के पिता प्रेम कुमार छोटे बेटे की शादी की तैयारी में लग रहे थे। जल्दी रिश्ता करने वाले थे। उससे पहले ही परिवार में इतनी बड़ी घटना हो गई।