समर शेड्यूल 2026 में जयपुर एयरपोर्ट से फ्लाइट्स की संख्या में होगी बढ़ोतरी, राज्य के पर्यटन क्षेत्र को होगा फायदा

समर शेड्यूल 2026 में जयपुर एयरपोर्ट से फ्लाइट्स की संख्या में होगी बढ़ोतरी, राज्य के पर्यटन क्षेत्र को होगा फायदा

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इस गर्मी के सीजन में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाई जाएगी। समर शेड्यूल 2026 के तहत एयरपोर्ट से फ्लाइट्स की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। इससे पैसेंजर्स को ज्यादा फ्लाइट के विकल्प मिलेंगे। वहीं जयपुर की कनेक्टिविटी देश और विदेश के कई शहरों के लिए बेहतर होगी।

जयपुर एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार 29 मार्च से 24 अक्टूबर तक यह समर शेड्यूल लागू रहेगा। इस दौरान एयर ट्रैफिक में करीब 7.5 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। नए शेड्यूल के तहत रोजाना औसतन 118 एयर ट्रैफिक मूवमेंट्स होंगे।

इस अवधि में जयपुर एयरपोर्ट से हर सप्ताह 750 घरेलू और 74 अंतरराष्ट्रीय एयर ट्रैफिक मूवमेंट्स संचालित किए जाएंगे। नए शेड्यूल के तहत जयपुर अब 26 अलग-अलग डोमेस्टिक और इंटरनेशनल डेस्टिनेशन से जुड़ेगा। वहीं जयपुर से नोएडा एयरपोर्ट के लिए सीधी फ्लाइट शुरू होने की संभावना है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने कहा- बढ़ती कनेक्टिविटी से राज्य के पर्यटन क्षेत्र को भी बड़ा फायदा मिलेगा।

वहीं जोधपुर एयरपोर्ट एक महीने के लिए बंद रहेगा। यहां से 29 मार्च से 28 अप्रैल तक उड़ानों का संचालन नहीं किया जाएगा। रखरखाव और अन्य तकनीकी कार्यों के चलते रोजाना संचालित होने वाली 14 उड़ानें रद्द रहेंगी।

समर शेड्यूल 2026 के दौरान घरेलू उड़ानों का संचालन इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट, एलायंस एयर, स्टार और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी एयरलाइंस द्वारा किया जाएगा।

एयरलाइन सूत्रों के अनुसार- जयपुर एयरपोर्ट से समर शेड्यूल में राजस्थान के 2 शहर, देश के 19 शहरों में डोमेस्टिक कनेक्टिविटी संचालित होने की संभावना है। इसके अलावा 5 इंटरनेशनल फ्लाइट्स भी बढ़ेंगी। वहीं जयपुर एयरपोर्ट की मौजूदा विंटर शेड्यूल के तहत फिलहाल जयपुर एयरपोर्ट से प्रतिदिन 63 से 65 फ्लाइट संचालित हो रही है। जबकि समर शेड्यूल के तहत इस बार प्रतिदिन 59 फ्लाइट संचालित की जाएगी। जबकि पिछले समर शेड्यूल में 53 से 55 फ्लाइट संचालित हो रही थी। फ्लाइट के आने-जाने के हिसाब से पिछली बार करीब 106 फ्लाइट का संचालन हुआ था। वहीं इस समर सीजन में 118 फ्लाइट का मूवमेंट्स रहेगा।

देश के इन शहरों के लिए बढ़ेंगी उड़ानें: दिल्ली, मुंबई, नवी मुंबई, कोलकाता, देहरादून, गुवाहाटी, गोवा, हिसार, इंदौर, चंडीगढ़, बेलगाम, कुल्लू, चेन्नई, पुणे, बेंगलूरु, लखनऊ, सूरत, अहमदाबाद, हैदराबाद।

6 hours, 26 minutes ago जयपुर