पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के चेयरमैन हुमायूं कबीर के वायरल वीडियो से विवाद खड़ा हो गया है। इसमें वे बीजेपी नेताओं के साथ ₹1000 करोड़ की डील पर चर्चा कर रहे हैं।
19 मिनट के वीडियो में हुमायूं कबीर कह रहे हैं कि वे ममता बनर्जी को किसी भी कीमत पर सत्ता से हटाना चाहते हैं। अगर उनकी 60-70 सीटें आ गईं तो वे डिप्टी सीएम भी बन सकते हैं। हालांकि दैनिक सम्राट इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
TMC के कुणाल घोष ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस वीडियो का जिक्र कर कहा कि हुमायूं सुवेंदु अधिकारी, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिसवा सरमा के करीबी हैं।
घोष ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) को इस मामले की जांच करनी चाहिए। बीजेपी ने हुमायूं के जरिए मतुआ, हिंदुओं और मुसलमानों को बेवकूफ बनाने के लिए 'B टीम' और 'C टीम' बनाई है।
बंगाल चुनाव में हुमायूं की पार्टी विधानसभा की 294 सीटों में से 118 पर चुनाव लड़ रही है। उनका गठबंधन असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के साथ है। राज्य में 23 और 29 अप्रैल को दो फेज में वोटिंग होगी। नतीजे 4 मई को आएंगे।

19 मिनट का ये वीडियो 19 दिसंबर 2025 का बताया जा रहा है।
कबीर ने कहा- चुनाव के बाद कोर्ट जाऊंगा
हुमायूं कबीर ने बताया, 'ये आरोप पूरी तरह फेक हैं। ये वीडियो AI से बनाया गया है। जिन लोगों ने इन्हें जारी किया है मैं उनके खिलाफ कोर्ट जाऊंगा। अभी मैं चुनाव प्रचार में व्यस्त हूं। समय मिलते ही केस करूंगा। हुमायूं कबीर ने कहा कि मैं सीएम हिमंता बिस्व सरमा, मोहन यादव से कभी नहीं मिला, न ही बात हुई।

वीडियो में हुमायूं कबीर किसी से बातचीत करते दिख रहे हैं।
वीडियो में सुवेंदु अधिकारी से बातचीत का दावा
- वीडियो में हुमायूं कबीर दावा करते हैं कि उनकी बातचीत बंगाल में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी से हुई है। उन्हें दिल्ली ले जाकर केंद्रीय नेतृत्व से मिलाने की बात कही गई थी। हुमायूं प्रधानमंत्री कार्यालय और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से संपर्क का भी जिक्र करते हैं। वे असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिसवा सरमा के साथ बातचीत का संकेत भी देते हैं।
- वीडियो में हुमायूं कबीर बीजेपी के साथ 1000 करोड़ रुपए की डील का जिक्र करते दिखाई दे रहे हैं। साथ ही कुछ सीनियर नेताओं के साथ बातचीत के दावे भी सामने आए हैं। वायरल वीडियो में यह भी दावा किया गया है कि अगर वह इस रणनीति में सफल होते हैं तो उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।

ये पता नहीं चला है कि ये वायरल वीडियो कहा शूट किया गया था।दैनिक सम्राट इसकी पुष्टि नहीं करता।
बाबरी मस्जिद की नींव रख चर्चा में आए थे कबीर
हुमायूं ने 6 दिसंबर 2025 को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव रखी थी। इसमें 2 लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटी थी। बंगाल के अलग-अलग जिलों से आए लोगों में कोई अपने सिर, कोई ट्रैक्टर-ट्रॉली तो कोई रिक्शा या वैन से ईंट लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा था।