Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
18 मई 2026
Epaper

अवैध बजरी के खिलाफ अभियान: चम्बल बजरी खनन एवं परिवहन की रोकथाम एवं निगरानी के लिए प्रभावी कार्यवाही प्रारम्भ

अवैध बजरी के खिलाफ अभियान: चम्बल बजरी खनन एवं परिवहन की रोकथाम एवं निगरानी के लिए प्रभावी कार्यवाही प्रारम्भ
अवैध बजरी के खिलाफ अभियान: चम्बल बजरी खनन एवं परिवहन की रोकथाम एवं निगरानी के लिए प्रभावी कार्यवाही प्रारम्भ

मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे से रखी जाएगी नजर

दैनिक सम्राट संवाददाता
धौलपुर
। जिले में अब प्रतिबंधित चम्बल सेंचुरी एरिया से बजरी खनन व परिवहन की रोकथाम एवं निगरानी के लिए 27 प्रमुख मार्गों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे। उच्चतम न्यायालय नई दिल्ली में विचाराधीन सुओ मोटो रिट याचिका (सिविल संख्या 2/2025) अवैध रेत खनन एवं राष्ट्रीय चम्बल सेंचुरी क्षेत्र में जलीय जीवों के संरक्षण के संबंध में पारित आदेशों की पालना में धौलपुर जिले में प्रतिबंधित चम्बल बजरी खनन एवं परिवहन की रोकथाम एवं निगरानी हेतु और प्रभावी कार्यवाही प्रारम्भ कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया है कि जिले में प्रतिबंधित चम्बल बजरी खनन व परिवहन की पूर्णत: रोकथाम एवं निगरानी के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव, खान एवं पेट्रोलियम विभाग राजस्थान सरकार द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध बजरी परिवहन के प्रमुख 27 मार्गों एवं चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे अवैध खनन एवं परिवहन गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा सके।
सीसीटीवी कैमरे लगवाने का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय चम्बल सेंचुरी क्षेत्र में प्रतिबंधित बजरी खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाना, पर्यावरण एवं दुर्लभ जलीय जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित कार्यवाही करना है।
इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया है कि जिले में प्रतिबंधित चम्बल बजरी खनन व परिवहन की रोकथाम, निगरानी एवं धरपकड़ के लिए पुलिस के स्तर पर और अधिक प्रभावी शिकंजा कसने के लिए घाटों वाइज मोबाइल पार्टियों लगाने का भी एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत अवैध प्रतिबंधित चम्बल बजरी की रोकथाम हेतु प्रमुख 16 घाटों पर पैट्रोलिंग के लिए 4 मोबाइल पार्टियां प्रस्तावित की गई है। मोबाइल पार्टियों से नियमित गश्त एवं निगरानी करवाने के लिए विशेष एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है। अवैध बजरी खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिले के चिन्हित 16 घाटों पर 4 मोबाइल पार्टियां प्रस्तावित की गई हैं, जो संबंधित थाना क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी।

लोगों से गांव-ढाणी में जाकर करेंगे समझाइश
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया है कि आमजन को प्रतिबंधित चम्बल बजरी खनन व परिवहन के अवैध कारोबार में संलिप्त नहीं होने के सम्बन्ध में पुलिस के अधिकारी गांव व ढाणियों में जाकर समझाइश कर रहे हैं, जिसमें प्रतिबंधित चम्बल बजरी खनन व परिवहन के अवैध कारोबार में संलिप्त होने वाले नुकसानों के सम्बन्ध में भी अवगत कराया जा रहा है, पुलिस टीम द्वारा समझाइश का आमजन में सकारात्मक असर भी देखने को मिल रहा है।