Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
18 मई 2026
Epaper

1 लाख रुपए की रिश्वत लेते एएसआई गिरफ्तार

1 लाख रुपए की रिश्वत लेते एएसआई गिरफ्तार
1 लाख रुपए की रिश्वत लेते एएसआई गिरफ्तार

रेप की कोशिश के केस में मांगी थी घूस, नहीं देने पर फंसाने की धमकी दी
दैनिक सम्राट संवाददाता

उदयपुर। उदयपुर एसीबी की टीम ने रविवार शाम 4:30 बजे प्रतापनगर थाने के एएसआई को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। एएसआई सुनील बिश्नोई ने रेप की कोशिश और छेड़छाड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज नहीं करने की एवज में रिश्वत मांगी थी।
इसके लिए एएसआई शिकायतकर्ता को धमका रहा था। रिश्वत नहीं देने पर फंसाने की बात कर रहा था। शिकायतकर्ता ने एसीबी को इसकी शिकायत कर दी। इसके बाद एसीबी ने उसे पकडऩे के लिए जाल बिछाया। शिकायतकर्ता ने शोभागपुरा स्थित ऑर्बिट रिसॉर्ट की पार्किंग में एएसआई को एक लाख रुपए देने के लिए बुलाया। तभी जाल बिछाकर बैठी एसीबी की टीम ने उसे पकड़ लिया।
एएसआई ने केस ही दर्ज नहीं किया
एसीबी के एडिशनल एसपी अनंत कुमार ने बताया- मामले में जांच जारी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। दरअसल, एक महिला ने रेप की कोशिश और छेड़छाड़ के आरोप में मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में लिखित शिकायत दी थी। इसके बाद मामले को शिकायत में रखते हुए मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। आरोपी से मुकदमा दर्ज नहीं करने की एवज में रिश्वत की मांग की गई थी।
पहले भी लगते रहे कार्रवाई नहीं करने के आरोप
सुनील बिश्नोई पहले सुखेर थाने में तैनात थे। तब सितंबर 2025 में आरडीएक्स क्लब एंड बार में 6 ग्राहकों के साथ बाउंसर्स के मारपीट करने के मामले में कोई कार्रवाई नहीं करने के गंभीर आरोप लगे थे। इस मामले में लापरवाही बरतने पर एसपी ने इन्हें हटाकर डीएसपी ऑफिस वेस्ट में अटैच कर दिया था।
लाइन हाजिर हो चुके
साथ ही सुनील बिश्नोई के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की थी। अक्टूबर 2025 में वापस एक अन्य मामले में लापरवाही सामने आने पर सुनील बिश्नोई को लाइन हाजिर किया गया था।