Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
13 मई 2026
Epaper

हैदराबाद से बेंगलूर जा रही चलती बस में आग, 20 लोग जिंदा जले

हैदराबाद से बेंगलूर जा रही चलती बस में आग,  20 लोग जिंदा जले
हैदराबाद से बेंगलूर जा रही चलती बस में आग, 20 लोग जिंदा जले

Hyderabad-Bangalore Bus Tragedy: आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के चिन्नातेकुर के पास शुक्रवार सुबह एक प्राइवेट  बस में एक दोपहिया वाहन से टक्कर के बाद आग लग गई, जिसमें 20 लोगों की मौत हो गई. बस में लगभग 40 यात्री सवार थे. इनमें से 18 यात्री जीवित हैं और उनकी पहचान हो गई है. पुलिस ने बताया कि हादसे में कई शव पूरी तरह से जल चुके हैं, जिससे उनकी पहचान करने में मुश्किल हो रही है. 

 

पुलिस के मुताबिक यह घटना शुक्रवार तड़के लगभग 3:30 बजे हुई, जब हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही कावेरी ट्रैवल्स की बस की एक दोपहिया वाहन से टक्कर हो गई. इसके बाद बस में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग पहले बस के अगले हिस्से में लगी और फिर तेजी से फैल गई.

 

कुछ यात्री इमरजेंसी गेट तोड़कर बस से बाहर कूदने में सफल रहे. उन्हें मामूली चोटें आईं. कुरनूल सरकारी अस्पताल में उन्हें फर्स्ट एड देने के बाद छुट्टी दे दी गई. दुर्घटना के समय इलाके में भारी बारिश हो रही थी. अधिकारी बस में आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं. स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया. फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया. हादसे के बाद हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया.

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए X पर एक पोस्ट में लिखा, 'आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं. इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.' प्रधानमंत्री ने इस बस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की भी घोषणा की.