Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
13 मई 2026
Epaper

रामनगरी अयोध्या में 26 लाख 17 हजार दीपक जलाने का रिकॉर्ड

रामनगरी अयोध्या में 26 लाख 17 हजार दीपक जलाने का रिकॉर्ड
रामनगरी अयोध्या में 26 लाख 17 हजार दीपक जलाने का रिकॉर्ड

अयोध्या दीपोत्सव के 9वें संस्करण में 26 लाख से अधिक दीये प्रज्ज्वलित हुए, जो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड है. इसके अलावा 2128 अर्चकों ने मां सरयू की सामूहिक आरती करके एक और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अयोध्या दीपोत्सव के नाम दर्ज करा दिया.

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दोनों विश्व कीर्तिमान का प्रमाण पत्र सौंपा. पहला रिकॉर्ड- उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित दीपोत्सव में एकसाथ 26,17,215 मिट्टी के दीये प्रज्ज्वलित करने का बना. दूसरा रिकॉर्ड- एकसाथ 2128 अर्चकों द्वारा मां सरयू की महाआरती करने का बना.

 

यूपी की योगी सरकार ने रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर रविवार को अपने सभी पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया. 2017 में सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव का आयोजन कराया और साल दर साल इसे नई ऊंचाइयां दीं. दीपोत्सव ने हर साल नया कीर्तिमान स्थापित किया. 
ड्रोन से की गई दीपों की गणना के उपरांत दीपोत्सव ने नया कीर्तिमान गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अयोध्या के प्रति प्रतिबद्धता ने फिर से रामनगरी को वैश्विक रिकॉर्ड सूची में दर्ज कराया है.

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के इस 'भव्य दीपोत्सव' को देखा और अंततः एक साथ एक स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलन को फिर से विश्व कीर्तिमान का दर्जा दिया


कीर्तिमान रचने में योगी सरकार के नेतृत्व में राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, इससे जुड़े महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों के शिक्षकों व छात्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, पर्यटन-संस्कृति, सूचना विभाग समेत सभी ने अहम भूमिका निभाई.

 

दीप प्रज्ज्वलन का नियत समय शुरू होते ही 'श्री राम जय राम जय जय राम' के जयघोष के साथ एक-एक कर 26 लाख 17 हजार 215 दीप जलाए गए. गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों द्वारा कीर्तिमान रचने की घोषणा के साथ ही पूरी अयोध्या 'जय श्री राम' के उद्घोष से गुंजायमान हो उठी.


पर्यटन-संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह व प्रमुख सचिव (पर्यटन-संस्कृति) अमृत अभिजात ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रमाण पत्र सौंपा.  योगी आदित्यनाथ ने दोनों प्रमाण पत्र ऊपर उठाकर सभी का अभिवादन करते हुए प्रसन्नता जाहिर की.