Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
9 अप्रैल 2026
Epaper

भाजपा ने राजनीतिक स्वार्थ के चलते प्रदेश के विकास को अटकाया, लटकाया और भटकाया, जनता से मांगें माफी: नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली

भाजपा ने राजनीतिक स्वार्थ के चलते प्रदेश के विकास को अटकाया, लटकाया और भटकाया, जनता से मांगें माफी: नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली
भाजपा ने राजनीतिक स्वार्थ के चलते प्रदेश के विकास को अटकाया, लटकाया और भटकाया, जनता से मांगें माफी: नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली

दैनिक सम्राट संवादताता
जयपुर।  
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के बयानों को तथ्यों से परे और प्रदेश की जनता को गुमराह करने वाला बताते हुए कहा कि पचपदरा रिफाइनरी की राह में रोड़े अटकाने का पाप भाजपा ने किया है। जूली ने कहा कि जिस रिफाइनरी का शिलान्यास सितंबर 2013 में कांग्रेस सरकार ने 37,230 करोड़ रुपये की लागत के साथ किया था, उसे भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार ने केवल राजनीतिक द्वेष के चलते ठंडे बस्ते में डाले रखा। भाजपा की इसी नकारात्मक सोच और देरी के कारण आज इस परियोजना की लागत बढक़र लगभग 80,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। प्रदेश की जनता पर पड़े इस अतिरिक्त वित्तीय भार के लिए पूरी तरह से भाजपा की पुअर प्लानिंग और बदला लेने वाली राजनीति जिम्मेदार है। जूली ने कड़े शब्दों में कहा कि जो लोग केवल भावनात्मक मुद्दों पर राजनीति करना जानते हैं, उन्हें रिफाइनरी जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स की अहमियत और उनकी जटिलताओं का कतई अंदाजा नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पचपदरा में रिफाइनरी लगाकर राजस्थान को देश का ऊर्जा हब बनाने का विजन और ऐतिहासिक कार्य कांग्रेस सरकार ने ही किया है। भाजपा ने तो केवल इस विजन की राह में रोड़े अटकाने का काम किया, जबकि कांग्रेस ने हमेशा प्रदेश के आर्थिक भविष्य को सुरक्षित करने और राजस्थान को औद्योगिक मानचित्र पर अग्रणी बनाने के संकल्प के साथ काम किया।
 टीकाराम जूली ने भाजपा के दावों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि यदि 2013 के बाद भाजपा सरकार ने इस पर काम नहीं रोका होता, तो यह रिफाइनरी चार साल के भीतर ही बनकर तैयार हो जाती। समय पर कार्य पूरा होने से न केवल राजस्थान को बल्कि पूरे देश को पेट्रोलियम उत्पादों और राजस्व के रूप में भारी फायदा होता, लेकिन भाजपा ने अपने राजनीतिक स्वार्थ को प्रदेश के विकास से ऊपर रखा। यह कांग्रेस सरकार की प्रदेश को आगे ले जाने की सोच का परिणाम है कि राजस्थान में वो दिन आ गया है जब रिफाइनरी बन गई है। भाजपा ने सत्ता में आने के बाद केवल समय बर्बाद किया और काम को बाधित किया, जिससे प्रदेश के युवाओं को मिलने वाले रोजगार में वर्षों का विलंब हुआ।
नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट किया कि दिसंबर 2018 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद रिफाइनरी के कार्य को युद्धस्तर पर और तेज गति से शुरू करवाया गया। 2018 से 2023 के बीच कांग्रेस सरकार ने बजट आवंटन सुनिश्चित किया और साइट पर निर्माण कार्यों को गति दी, जिसके परिणामस्वरूप आज यह परियोजना लोकार्पण की स्थिति तक पहुंच पाई है। भाजपा पर तंज कसते हुए जूली ने कहा कि जिस काम को उन्होंने सालों तक लटकाए रखा, अब लोकार्पण के समय उसका श्रेय लेने के लिए वे आगे आ रहे हैं। राजस्थान की जनता भली-भांति जानती है कि भाजपा का काम केवल फीता काटना है, जबकि उस परियोजना को धरातल पर उतारने और पसीना बहाने का काम कांग्रेस की सरकार ने किया है।
 जूली ने कहा कि भाजपा की विकास विरोधी सोच केवल रिफाइनरी तक सीमित नहीं है, बल्कि जयपुर मेट्रो प्रोजेक्ट के साथ भी इन्होंने ऐसा ही किया। उन्होंने याद दिलाया कि जयपुर में मेट्रो का विचार से लेकर उसे धरातल पर उतारने का ऐतिहासिक काम कांग्रेस की  सरकार ने किया था। दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा जब-जब सत्ता में आई, उसने जयपुर को विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन देने के इस काम में सिर्फ रोड़े ही अटकाए और राजनीतिक द्वेष के चलते बार-बार काम को बाधित किया। अब भाजपा  जिस मेट्रो प्रोजेक्ट का श्रेय लेने की कोशिश में है, उसकी असलियत जयपुर की जनता जानती है कि भाजपा ने इसे केवल अटकाने और लटकाने का काम किया है, जबकि कांग्रेस ने इसे धरातल पर उतारा।