Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
20 मई 2026
Epaper

सोमनाथ-द्वारका के फ्री में दर्शन करने जाएंगे राजस्थान के सीनियर-सिटीजन

सोमनाथ-द्वारका के फ्री में दर्शन करने जाएंगे राजस्थान के सीनियर-सिटीजन
सोमनाथ-द्वारका के फ्री में दर्शन करने जाएंगे राजस्थान के सीनियर-सिटीजन

मंत्री जोराराम बोले- देवस्थान विभाग की विशेष ट्रेन 5 जून को होगी रवाना
दैनिक सम्राट संवाददाता
जयपुर
। देवस्थान विभाग राजस्थान सरकार की ओर से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा के तहत विशेष धार्मिक पर्यटक ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन 5 जून को जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।
देवस्थान विभाग मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर सनातन संस्कृति और भारतीय आस्था का प्रतीक रहा है। मंदिर की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में इस विशेष यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
इतिहास में कई बार विदेशी आक्रांताओं ने मंदिर को ध्वस्त किया, लेकिन हर बार यह मंदिर फिर से अपनी भव्यता के साथ खड़ा हुआ है। आजादी के बाद देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था।
अब मंदिर पुनर्निर्माण के 75 साल पूरे होने पर राजस्थान के 1000 वरिष्ठ नागरिकों को सोमनाथ मंदिर और द्वारकाधीश मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यह यात्रा वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत चयनित उन श्रद्धालुओं के लिए आयोजित की जा रही है, जो पहले किसी कारणवश यात्रा पर नहीं जा सके थे।
मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि इस यात्रा में उन्हीं यात्रियों को शामिल किया जाएगा, जिनका चयन पहले वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना में हुआ था लेकिन वे यात्रा नहीं कर पाए थे। इसके लिए सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश भेज दिए गए हैं। जिस जिले में जितने यात्री प्रतीक्षा लिस्ट में हैं, उसी अनुपात में उन्हें इस यात्रा में शामिल किया जाएगा।
पूरी तरह वातानुकूलित होगी ट्रेन: मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि विशेष पर्यटक ट्रेन का संचालन दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को भी हरी झंडी दिखाने के लिए आमंत्रित किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए अजमेर रेलवे स्टेशन और आबू रोड रेलवे स्टेशन पर भी बोर्डिंग और डी-बोर्डिंग की व्यवस्था रहेगी।
ट्रेन में कुल 14 वातानुकूलित कोच, 2 पावर कार और 1 पैंट्री कार लगाई जाएगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भोजन, होटल में ठहरने, स्थानीय परिवहन और दर्शनीय स्थलों के भ्रमण की पूरी व्यवस्था देवस्थान विभाग की ओर से की जाएगी। बुजुर्ग यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ट्रेन को पूरी तरह आरामदायक सुविधाओं से लैस किया गया है।