Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
20 मई 2026
Epaper

हिण्डौन में शराब ठेके के विरोध में दूसरे दिन भी स्टेट हाईवे पर चार घंटे चक्का जाम, महिलाओं ने किया ठेका का घेराव

हिण्डौन में शराब ठेके के विरोध में दूसरे दिन भी स्टेट हाईवे पर चार घंटे चक्का जाम, महिलाओं ने किया ठेका का घेराव
हिण्डौन में शराब ठेके के विरोध में दूसरे दिन भी स्टेट हाईवे पर चार घंटे चक्का जाम, महिलाओं ने किया ठेका का घेराव

जाम में फंसे सैकड़ों वाहन, एसडीएम और एएसपी ने दिया आश्वासन
दैनिक सम्राट संवाददाता
हिण्डौन सिटी (ओमप्रकाश सुमन)।
हिण्डौन में शराब के ठेके को बंद कराने की मांग को लेकर शहर की जाटव बस्ती के महिला-पुरुषों ने मंगलवार को भी भरतपुर-करौली स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। बयाना मार्ग पर खरेटा मोड़ चुंगी के पास अंबेडकर प्रतिमा के सामने स्थित शराब की दुकान के विरोध में किया गया चक्का जाम करीब 4 घंटे तक चला। जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित रहा। हाथों में लाठी डंडे लिए घरों से निकल सडक़ पर आईं महिलाओं ने शराब ठेके पर धावा बोल दिया और शराब की दुकान की शटर पर जमकर डंडे मारे।
सूचना मिलते ही कोतवाली और नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली थाना प्रभारी महेंद्र सिंह, नई मंडी थाना प्रभारी नरेश पोसवाल ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन, गुस्साई महिलाएं ठेका को स्थाई रूप से बंद करने की मांग पर अड़ी रहीं। तेज धूप और गर्मी के बीच भीड़ के हंगामे को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस जाप्ता बुलाना पड़ा।
इधर सूचना पर डीएसपी मुनेश मीना, प्रशिक्षु आरपीएस श्रेष्ठ दीक्षित, तहसीलदार सीमा बघेल भी मौके पर पहुंची और लोगों से समझाइश के प्रयास किए, लेकिन कई घंटे तक चली समझाइश कोई काम नहीं आई, आखिर में उप जिला कलेक्टर हेमराज गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र पाल सिंह भी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शन कर रहे लोगों के प्रतिनिधिमंडल से समझाइश की। जबकि लोग शराब का ठेका स्थाई रूप से बंद करने की मांग पर अड़े रहे, इस पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जब तक आबकारी विभाग की ओर से स्थाई तौर पर लोकेशन निरस्त नहीं कर दी जाती तब तक शराब का ठेका नहीं खुलेगा। इसके बाद लोग शराब की दुकान और सडक़ से हटे, जिससे पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने राहत की सांस ली एवं वाहनों का आवागमन सुचारू कराया। करीब 4 घंटे बाद आवाजाही शुरू होने पर वाहन चालक और यात्रियों ने भी राहत महसूस की।
गौरतलब है कि विगत सोमवार को जाटव समाज सुधार समिति के पदाधिकारियों ने तहसीलदार और डीएसपी को ज्ञापन सौंपकर शराब ठेके की लोकेशन निरस्त करने की मांग की थी। समिति ने 24 घंटे के अंदर ठेका बंद न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी गई थी।