दैनिक सम्राट संवाददाता
जयपुर/हनुमानगढ़। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में एक बार फिर करोड़ों रुपए के फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा हुआ है। मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने दावा किया कि यूपी और बिहार के फर्जी किसानों के नाम पर करीब 9 करोड़ रुपए ट्रांसफर करने की तैयारी थी। उन्होंने इसे किसानों के हक पर डाका बताते हुए कहा कि इस तरह की लूट बेहद शर्मनाक है।
दरअसल, हनुमानगढ़ के पल्लू की एसबीआई ब्रांच में 162 फर्जी किसानों के खातों में 9 करोड़ का फसल बीमा क्लेम पास हो गया और यह पैसा उनके बैंक खातों में ट्रांसफर होने वाला था। जिन लोगों के नाम क्लेम पास हुआ, उनकी कहीं कोई जमीन ही नहीं है।
खातों में 6 करोड़ ट्रांसफर करने की थी तैयारी
फसल बीमा योजना में पल्लू जैसा ही घोटाला बीकानेर के गजनेर में भी सामने आया है। गजनेर क्षेत्र में भी 6 करोड़ का क्लेम फर्जी किसानों के नाम से पास कर उसे बैंक खातों में ट्रांसफर करने की तैयारी थी।
ऐसी लूट कभी नहीं देखी, यह लूट शर्मनाक
कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि हनुमानगढ़ के पल्लू में एसबीआई ब्रांच पर पहुंचकर जो सच्चाई सामने आई, उसने मन को गहराई तक आहत कर दिया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में इस प्रकार का बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आना न केवल चिंताजनक है, बल्कि अन्नदाता के विश्वास के साथ सीधा विश्वासघात भी है।
जांच में सामने आया कि 66 फर्जी किसानों के नाम पर खाते खोलकर उन्हें ऋणी दिखाया गया और करीब 9 करोड़ रुपए का फर्जी बीमा क्लेम तैयार किया गया। यह राशि इसी सप्ताह निकाली जाने वाली थी, लेकिन समय रहते इस घोटाले का खुलासा हो गया। यह अपने आप में एक बड़ा सच उजागर होने जैसा है।
फर्जीवाड़े पर जिम्मेदारों से किए सवाल जवाब
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा गुरुवार दोपहर को हनुमानगढ़ के पल्लू में एसबीआई ब्रांच पहुंचे, जहां उन्होंने फसल बीमा योजना में हुए फर्जीवाड़े पर जिम्मेदारों से सवाल-जवाब किए। इस दौरान कृषि मंत्री मीणा ने बैंक मैनेजर से क्लेम वाले किसानों की जमाबंदी मांगी, लेकिन उनके पास उसका कोई रिकॉर्ड ही नहीं था और मैनेजर डॉक्यूमेंट्स ही नहीं दे पाए। बता दें, फसल बीमा योजना में बीमा तभी होता है, जब खेत की जमाबंदी हो।
कृषि मंत्री ने पकड़ा फसल बीमा में करोड़ों का फर्जीवाड़ा, कहा- ऐसी लूट कभी नहीं देखी
कृषि मंत्री ने पकड़ा फसल बीमा में करोड़ों का फर्जीवाड़ा, कहा- ऐसी लूट कभी नहीं देखी