दैनिक सम्राट संवाददाता
जमवारामगढ़ (अंकिता शर्मा)। उपखंड क्षेत्र में पिछले चार दिनों से लगातार चल रहे तेज अंधड़ और चक्रवाती तूफान ने किसानों की कमर तोड़ दी है। शनिवार रात को भी तेज हवाओं का दौर जारी रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा और कई जगह बिजली आपूर्ति ठप रही।
कस्बे के निकट गदली की ढाणी, चोमूखा गांव में आए तेज आंधी-तूफान ने एक किसान की मेहनत पर पानी फेर दिया। किसान रमेश चंद गुर्जर का पॉलीहाउस तेज हवा के कारण फट गया, जिससे उसे लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।
पीडि़त किसान ने बताया कि उन्होंने करीब 4000 वर्ग मीटर क्षेत्र में पॉलीहाउस का निर्माण कराया था, जो जनवरी 2025 में ही तैयार हुआ था। तेज अंधड़ के चलते पॉलीहाउस का कपड़ा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे अंदर की फसल भी प्रभावित हुई है।
किसान रमेश चंद गुर्जर ने प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो उन्हें भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को शीघ्र सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे दोबारा खेती शुरू कर सकें।
इधर कस्बे सहित आसपास के इलाकों में भी तेज अंधड़ के चलते कई जगह टीन-टप्पर उड़ गए, जिससे लोगों को नुकसान हुआ है। शनिवार रात और रविवार सुबह तक बारिश का दौर जारी रहा। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण नुकसान ज्यादा और फायदा कम देखने को मिल रहा है। बारिश व अंधड के चलते कई जगह बिजली गुल हो गयी। जिससे ग्रामीणों व कृषि उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रकृति के मार से परेशान किसानों ने राज्य सरकार से नुकसान की खसरा गिरदावरी करवाकर किसानों को मुवावजा दिलवाने की मांग की है।
आंधी-तूफान से पॉलीहाउस फटा, किसानों को भारी नुकसान, शनिवार रात को भी चला तेज अंधड़, बिजली गुल रहने से बढ़ी परेशानी
आंधी-तूफान से पॉलीहाउस फटा, किसानों को भारी नुकसान, शनिवार रात को भी चला तेज अंधड़, बिजली गुल रहने से बढ़ी परेशानी