जालोर से जयपुर-दिल्ली दूर नहीं: क्षेत्र को मिली बड़ी रेल सौगात, देश और प्रदेश की राजधानी से सीधा जुड़ेगा जालोर

जालोर से जयपुर-दिल्ली दूर नहीं: क्षेत्र को मिली बड़ी रेल सौगात, देश और प्रदेश की राजधानी से सीधा जुड़ेगा जालोर

अब सिर्फ एक सपना नहीं, बल्कि हकीकत बनने की ओर बढ़ रहा है 
जालोर (युनुस खान/विक्रम राठी)। राजस्थान के पश्चिमी क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जालोर, सिरोही, पाली, भीनमाल और भीलड़ी क्षेत्र अब जल्द ही सीधे जयपुर और देश की राजधानी दिल्ली से रेल मार्ग द्वारा जुडऩे जा रहे हैं। लंबे समय से चली आ रही इस मांग को आखिरकार मंजूरी मिल गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। नवरात्रि के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा इस नई सीधी रेल सेवा की घोषणा की गई। जालोर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी के निरंतर प्रयासों और स्थानीय लोगों व प्रवासियों की मांग का यह सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है। यह नई रेल सेवा न केवल यात्रियों के लिए सुविधाजनक साबित होगी, बल्कि व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगी। खासतौर पर यह कनेक्टिविटी क्षेत्र को कांडला बंदरगाह से जोडऩे में सहायक हो सकती है, जिससे व्यापारिक अवसरों का विस्तार होगा।
विकास की दिशा में बड़ा कदम
इस ऐतिहासिक घोषणा के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है। लोगों का मानना है कि यह रेल सेवा न केवल दूरी कम करेगी, बल्कि रोजगार, व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा देगी। साथ ही, यह क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक मजबूत पहल मानी जा रही है।

 

जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों की प्रतिक्रिया

यह रेल सेवा क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ा उपहार है। इससे जयपुर और दिल्ली के साथ सीधा जुड़ाव होगा, जिससे यात्रा सुरक्षित और आसान बनेगी, साथ ही व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
जसराज राजपुरोहित ( जिलाध्यक्ष, भाजपा जालोर )

 

जालोर जिले के कई व्यापारी दिल्ली में बसे हैं। लंबे समय से इस रूट पर रेल सेवा की मांग थी। यह निर्णय आमजन और व्यापारियों दोनों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा।
भंवर लाल माहेश्वरी (कोषाध्यक्ष, मोबाइल एसोसिएशन भीनमाल)

 

यह ऐतिहासिक कदम है। पहली बार जालोर-भीनमाल और रानीवाड़ा सीधे जयपुर और दिल्ली से जुड़ रहे हैं। यह क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
भैरूसिंह राजपुरोहित (अध्यक्ष, प्रवासी राजस्थान फाउंडेशन दिल्ली)

 

इस घोषणा से जयपुर, दिल्ली और भुज तक की यात्रा आसान हो जाएगी। भविष्य में यदि मुंबई के लिए भी सीधी रेल सेवा मिल जाए तो और भी बेहतर होगा।
उत्तम कुमार दर्जी (व्यापारी, भीनमाल)
 

16 hours, 5 minutes ago राजस्थान