आस्था और उत्साह के साथ मनाई गई रामनवमी, विश्व हिन्दू परिषद द्वारा गेंता में निकली भव्य शोभायात्रा

आस्था और उत्साह के साथ मनाई गई रामनवमी, विश्व हिन्दू परिषद द्वारा गेंता में निकली भव्य शोभायात्रा

इटावा (ओमप्रकाश जगरोटिया)। क्षेत्र में रामनवमी का पर्व इस वर्ष भी अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को धूमधाम से मनाया। पूरे दिन क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
घर-घर में श्रद्धालुओं ने महावीरी ध्वजा रोहण कर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा इलाका गुंजायमान हो उठा। दिनभर मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
रामनवमी के अवसर पर प्रखंड के विभिन्न स्थानों से भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं। इसी क्रम में गेंता गांव में विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में एक आकर्षक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में रामभक्तों ने भाग लिया।
यात्रा के दौरान ‘राम जी की निकली सवारी, राम जी की लीला है न्यारी’ जैसे भजनों और ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। बजरंग दल अखाड़ा इटावा के कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक अखाड़ा प्रदर्शन कर लोगों को आकर्षित किया। इसके साथ ही विभिन्न झांकियां भी शोभायात्रा का हिस्सा रहीं, जिन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विहिप प्रांत धर्मयात्रा प्रमुख इंद्रराज मीणा और जिला मंत्री रामेश्वर राठौर उपस्थित रहे। उन्होंने अपने ओजस्वी संबोधन में हिंदुत्व, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता पर प्रकाश डालते हुए लोगों को प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला सह मंत्री दीपक पारेता, जिला यात्रा प्रमुख सतीश सोनी, जिला धर्माचार्य प्रमुख तेजराज सिंह, जिला सत्संग प्रमुख ओम प्रकाश नागर, प्रखंड मंत्री मुकट पारेता, ललित सेन, अनिल उपाध्याय सहित अनेक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
 

14 hours, 34 minutes ago राजस्थान