श्रीगंगानगर में पारा 48 डिग्री पार, साल का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड, आज से करवट लेगा मौसम
दैनिक सम्राट संवाददाता
जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव और गर्म रातों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मंगलवार को श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान भी माना जा रहा है। इसके अलावा बीकानेर, चूरू, जैसलमेर, पिलानी और फलौदी में भी पारा 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य में हीटवेव और तीव्र हीटवेव का दौर अगले दो से तीन दिन जारी रहने की संभावना है। अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं बीकानेर संभाग, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में तापमान 46 से 47 डिग्री तक पहुंच सकता है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में 27 और 28 मई को पारा 48 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
10 सबसे गर्म शहर
श्रीगंगानगर 48.2 डिग्री, पिलानी ४७ डिग्री, बीकानेर ४६.६ डिग्री, जैसलमेर ४६.४ डिग्री, चूरू ४६.४ डिग्री, फलोदी ४६.२ डिग्री, कोटा ४५.५ डिग्री, वनस्थली ४५.२ डिग्री, बाड़मेर ४५ डिग्री, उदयपुर ४५ डिग्री, जयपुर ४३.८ डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
आज से बदलेगा मौसम
हालांकि 28 मई से मौसम में बदलाव की शुरुआत होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी।
राजस्थान में 3-4 दिनों तक आंधी-बारिश का अलर्ट
28 मई को जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है। 29 मई को भी जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के साथ बीकानेर संभाग के कुछ जिलों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। 30 और 31 मई को जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।