Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
27 मई 2026
Epaper

नौतपां लोगों को तपा रहा, श्रीगंगानगर में 47 डिग्री तापमान हुआ दर्ज

नौतपां लोगों को तपा रहा, श्रीगंगानगर में 47 डिग्री तापमान हुआ दर्ज
नौतपां लोगों को तपा रहा, श्रीगंगानगर में 47 डिग्री तापमान हुआ दर्ज

राजस्थान में 28 मई से बदलेगा मौसम, 29-30 मई को आंधी-बारिश का अलर्ट
दैनिक सम्राट संवाददाता
जयपुर
। राजस्थान में नौतपां ने दूसरे दिन गर्मी का कहर बरपाया। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान ४५ डिग्री पार चला गया। श्रीगंगानगर में ४७ डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया। वहीं जयपुर में अधिकतम तापमान ४३.२ डिग्री दर्ज किया गया। रात में भी लू चलने का अहसास लोगों को हुआ। आज भी राजधानी सहित पूरे प्रदेश में हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में भीषण गर्मी और हीटवेव से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 28 मई से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी, मेघगर्जन, बिजली चमकने और हल्की बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की रिपोर्ट के मुताबिक 29 और 30 मई को इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल अगले दो से तीन दिन तक प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। बीकानेर, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ इलाकों में तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि 29 मई से मौसम में बदलाव के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
28 मई को आंधी का अलर्ट
जारी चेतावनी के अनुसार 28 मई को जयपुर, अलवर, सीकर, झुंझुनूं, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, दौसा, भरतपुर और डीग सहित पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में हीटवेव के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों के लिए भी इसी तरह की चेतावनी जारी हुई है।
29 मई को इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
29 मई को पूर्वी राजस्थान के अलवर, बारां, बूंदी, डीग, झालावाड़, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़ और सीकर जिलों में 50-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले में भी 50-60 किमी की रफ्तार से आंधी, वज्रपात और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।