पुलिस ने नकली नोट छापने और सप्लाई करने वाले 4 लोगों को पकड़ा, हरियाणा से करते थे सप्लाई
दैनिक सम्राट संवाददाता
दौसा। दौसा में पुलिस ने नकली नोट छापने और सप्लाई करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को पकड़ा है। इनमें एक नाबालिग भी है। आरोपियों के पास से 24 लाख 84 हजार रुपए के 500-500 के नकली नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद से 2 आरोपियों को पकड़ा है। जबकि एक आरोपी को दौसा से गिरफ्तार किया था और एक बाल अपचारी को डिटेन किया था।
एसपी पीयूष दीक्षित ने सोमवार को बताया- संतोष सिंह वाल्मीकि (33) निवासी अलीगढ़, हाल फरीदाबाद हरियाणा और विशाल उपाध्याय (42) निवासी झारखंड, हाल नोएडा यूपी को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है।
मामले में 28 मई को आयुष कुमार मीना (19) निवासी बीड़ की ढाणी, मांगाभाटा, थाना सदर दौसा और एक नाबालिग को पकड़ा था। पूछताछ में सरगना समेत दो आरोपियों के नाम सामने आए। तीनों को सोमवार को कोर्ट में पेश कर 7 दिन की रिमांड पर लिया गया है।
ऐसे खुला नकली नोटों का राज
एसपी ने बताया- 28 मई को कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी आयुष कुमार मीना को 40 हजार रुपए की नकली करेंसी के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में एक बाल अपचारी के भी इसमें शामिल होने की सूचना मिली। उसे भी डिटेन कर 47 हजार रुपए की नकली करेंसी बरामद की गई।
फरीदाबाद से सरगना पकड़ा
जांच के दौरान पुलिस ने नकली नोट छापने और सप्लाई करने वाले मुख्य सरगना संतोष सिंह और उसके साथी विशाल उपाध्याय को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 24 लाख 84 हजार रुपए के नकली नोट मिले हैं। वहीं नकली नोट छापने की मशीनें और अन्य सामग्री बरामद की गई।
केमिकल, प्रिंटर भी मिला
एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया- कार्रवाई के दौरान 11 प्रिंटर, 2 लैपटॉप, 6 पेपर रोल, 2 डिब्बे केमिकल, वाटरमार्क डाई, कटर, ब्रश व अन्य उपकरण मिले हैं। पुलिस आरोपियों से नकली करेंसी से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
दौसा में 24.83 लाख नकली नोट बरामद
दौसा में 24.83 लाख नकली नोट बरामद