गहलोत ने कहा- मैं दुआ करता हूं कि भजनलाल शर्मा 5 साल तक मुख्यमंत्री बने रहें, लोगों में सरकार के प्रति गुस्सा
दैनिक सम्राट संवाददाता
अजमेर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक ने कहा कि नाकारा निकम्मी सरकार 5 साल रहेगी तो पब्लिक को नुकसान होगा। मैं दुआ करता हूं कि भजनलाल शर्मा 5 साल तक मुख्यमंत्री बने रहें। लोगों में सरकार के प्रति सभी जगह गुस्सा है। वह बस इसी को कम करने का इंतजार कर रही है। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सोमवार सुबह राहुल गांधी की यात्रा के चलते अजमेर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए सरकार पर निशाना साधा।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान में हालात बड़े गंभीर हैं। प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। लगातार रेप हो रहे हैं। दवाइयां मिलना बंद हो गई हैं। कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में कोई सुनवाई नहीं हो रही है। लोगों में मैसेज गया था कि डबल इंजन की सरकार से शानदार गवर्नेंस होगी लेकिन यहां उल्टा हो गया है।
नाकारा निकम्मी सरकार से पब्लिक का नुकसान
गहलोत ने कहा कि मैं पब्लिक इंटरेस्ट में लगातार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह कर रहा हूं, उन्हें चेता रहा हूं, क्योंकि अगले 5 साल इन्हीं की सरकार रहेगी। अगर 5 साल इनकी निकम्मी नकारा सरकार रहेगी तो पब्लिक को नुकसान होगा। इसलिए मैं इनसे रिक्वेस्ट करता हूं कि प्लीज अपनी एजेंसियों को गांवों में भेज कर पता करें कि उनका फीडबैक क्या है।
मैं दावा नहीं कर रहा कि हमारे वक्त में जीरो करप्शन था। लेकिन नाकारा सरकार में करप्शन की सारी सीमाएं टूट चुकी हैं। सडक़ों पर खड्डे हैं। हर जिले और शहरों की सडक़ें खराब हैं, जिसके चलते कोटा में एक प्रिंसिपल की मौत हो गई। ठेकेदारों को समय पर पेमेंट नहीं किया जा रहा।
भगवान करे 5 साल भजनलाल शर्मा मुख्यमंत्री बने रहें
गहलोत ने कहा कि भगवान करे भजनलाल शर्मा 5 साल तक मुख्यमंत्री बने रहें, हमारी दुआ आपके साथ है। हमें आपसे कोई एतराज नहीं है। आप भले आदमी हो, लेकिन अगर भला आदमी गर्वर्नेंस नहीं देगा तो किस काम का पब्लिक को नुकसान होगा। गृह मंत्रालय भी मुख्यमंत्री के पास है। अगर पेट्रोल डीजल नहीं आ रहा तो मुख्यमंत्री को खुलकर बोल देना चाहिए। लेकिन सिर्फ झूठ बोलने का काम किया जा रहा है।
सरकार के लिए लोगों में सभी जगह गुस्सा
गहलोत ने कहा कि निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर सरकार बहानेबाजी कर रही है। संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। ओबीसी कमिशन का नाम लिया जा रहा है, लेकिन ये ही लोग ओबीसी कमीशन से धीरे-धीरे चलने का इशारा कर रहे हैं। आम जनता में भारी गुस्सा है और ये लोग जनता के गुस्सा कम करने का इंतजार कर रहे हैं।
नाकारा सरकार में करप्शन की सीमाएं टूटी: गहलोत
नाकारा सरकार में करप्शन की सीमाएं टूटी: गहलोत